स्पोर्ट्स

National Wrestling Championships 2024: 55 किलोग्राम भार वर्ग में विनेश का गोल्ड वाला दांव

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 4, 2024, 09:20 PM IST

Vinesh Phogat: नेशनल चैंपियनशिप 2024 में विनेश फोगाट ने गोल्ड मेडल जीत लिया। फाइनल मे उन्होंने मध्यप्रदेश की रेसलर ज्योति को आसानी से हरा दिया। फोगाट का यह गोल्ड मेडल कई मायनों में खास है।

Image

विनेश फोगाट (साभार-X)

एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट ने रविवार को यहां आईओए की तदर्थ समिति द्वारा आयोजित सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप में 55 किग्रा वजन का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विनेश ने अपने अनुभव से मध्य प्रदेश की ज्योति को 4-0 से मात दी जबकि यह शीर्ष पहलवान ऊंचे वजन वर्ग में हिस्सा ले रही थी।

रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) का प्रतिनिधित्व कर रही 29 वर्षीय विनेश ने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में 50 किग्रा का स्वर्ण पदक जीता था जबकि 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 53 किग्रा वजन वर्ग में खिताब जीता था। एक अन्य मुकाबले में 2021 विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता हरियाणा की अंशु मलिक ने 2020 एशियाई चैम्पियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता सरिता मोर (रेलवे) को 59 किग्रा वजन वर्ग में 8-3 से पराजित किया।

हरियाणा ने 189 अंक से शीर्ष स्थान हासिल किया। आरएसपीबी 187 अंक से दूसरे स्थान पर जबकि पुडुचेरी 81 अंक से तीसरे स्थान पर था।

पुरुषों के ग्रीको रोमन वर्ग में आरएसपीबी 208 अंक से समग्र विजेता रहा जिसके बाद सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (127 अंक) दूसरे और महाराष्ट्र (113 अंक) तीसरे स्थान पर रहा। सोमवार को पुरुष वर्ग की फ्रीस्टाइल स्पर्धा होंगी।

End of Article