स्पोर्ट्स

चाइना ओपन 2026: पीवी सिंधू के बाद लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी ने भी किया निराश, दूसरे दौर से बाहर

China Open Badminton Tournament 2026: पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन कनाडा के विक्टर लाई से सीधे सेटों में 19-21, 11-21 से हार गए। उधर आयुष शेट्टी आयरलैंड के न्हात गुयेन से तीन सेट तक चले मैच में 21-15, 13-21, 20-22 से हारकर बाहर हो गए।

Image

चीन ओपन में भारत को निराशा (फोटो साभार- Instagram)

China Open Badminton Tournament 2026: चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में गुरुवार भारत के लिए खराब रहा। स्टार शटलर पीवी सिंधू के बाद लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी भी दूसरे दौर में हारकर बाहर हो गए। तीनों खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन कोई भी क्वार्टरफाइनल तक नहीं पहुंच सका। पहले दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू महिला एकल के दूसरे दौर में चीन की चेन युफेई से हारीं। इसके बाद पुरुष एकल में लक्ष्य सेन को कनाडा के विक्टर लाई से सीधे गेम में 19-21, 11-21 से हार मिली। वहीं आयुष शेट्टी आयरलैंड के न्हात गुयेन से तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-15, 13-21, 20-22 से हार गए। आयुष ने पहला गेम जीता था लेकिन अगले दो गेम में बढ़त गंवा बैठे।

सिंधू को मिली करीबी हार

पीवी सिंधू और चीन की चेन युफेई के बीच डेढ़ घंटे तक चले कड़े मुकाबले में सिंधू 21-16, 20-22, 18-21 से हार गईं। पहला गेम सिंधू ने 7-13 से पिछड़ने के बाद 16-16 की बराबरी करके और फिर लगातार 5 अंक लेकर जीता। दूसरे गेम में सिंधू 20-16 से आगे थीं और उनके पास 4 मैच प्वाइंट थे, लेकिन टोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन ने शानदार वापसी करते हुए गेम 22-20 से जीत लिया। तीसरे गेम में भी टक्कर बराबर की रही। 17-17 के बाद चेन ने बढ़त बनाई और मैच अपने नाम कर लिया।

शेड्यूल पर उठाए सवाल

मैच के बाद सिंधू ने शेड्यूल पर नाराजगी जताई। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि उनके दो मैचों के बीच सिर्फ 16 घंटे का फर्क था, जबकि चेन को एक दिन से ज्यादा आराम मिला था। सिंधू ने कहा, "मेरी बस यही इच्छा है कि सभी के साथ एक जैसा बर्ताव किया जाए। रिकवरी को महत्व देना अच्छा है, लेकिन सबके लिए बराबर होना चाहिए।" सिंधू ने पिछले हफ्ते ही जापान ओपन जीतकर खिताब का सूखा खत्म किया था, इसलिए उनसे चाइना ओपन में भी उम्मीद थी। लेकिन थकान और कम रिकवरी टाइम भारी पड़ गया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article