NEET paper leak Case: नीट पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। इसी के तहत शिक्षा मंत्रालय से जुड़ा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में वरिष्ठ स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। विनीत जोशी (IAS) को उच्च शिक्षा विभाग (Department of Higher Education) के सचिव पद से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह नरेश पाल गंगवार (IAS) को उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय का नया सचिव बनाया गया है।

हटाए गए विनीत जोशी
पीएम मोदी बोले- ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा
दिल्ली में छात्रों का आंदोलन 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के नाम से जंतर मंतर पर लगातार जारी है। इसी बीच छात्र आंदोलन को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा,"देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।"
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अभिजीत दिपके का पीएम मोदी पर हमला
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गुरुवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जंतर-मंतर को वॉर जोन बना दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि आप धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लीजिए, नहीं तो आपके इस्तीफे पर बात आ जाएगी।
''प्रधानमंत्री जी, आप धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लीजिए...
अभिजीत दीपके ने कहा, ''प्रधानमंत्री जी, आप धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लीजिए, नहीं तो बात आपके इस्तीफे पर भी आ जाएगी। जैसी आपकी हरकतें हैं, वो बात आएगी... छात्रों की बात सुन लीजिए। एक नाकाबिल और फेल मिनिस्टर इस देश के छात्रों से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हो सकता है। अगर एक मिनिस्टर इन करोड़ों छात्रों से ज्यादा महत्वपूर्ण है तो याद रखिएगा कि चुनाव में आपको इनमें से कोई भी वोट नहीं देगा।''
