स्पोर्ट्स

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: लॉन बॉल्स में भारत की धमाकेदार शुरुआत, पुतुल ने वर्ल्ड चैंपियन को हराया

Commonwealth Games 2026: मैच में पुतुल ने पहला सेट 5-4 से जीता। दूसरे सेट में बेस्टर ने वापसी की और 7-3 से सेट जीतकर मैच को टाई-ब्रेक में पहुंचा दिया। दबाव में भी मौजूदा एशियाई चैंपियन पुतुल ने हिम्मत नहीं हारी और टाई-ब्रेक जीतकर ग्रुप डी का मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Image

पुतुल ने वर्ल्ड चैंपियन को हराया (फोटो साभार- sonowalputul)

Commonwealth Games 2026: ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने लॉन बॉल्स में शानदार शुरुआत की है। गुरुवार को पुरुष एकल में असम के पुतुल सोनोवाल ने बड़ा धमाका कर डाला। राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला मैच खेल रहे पुतुल ने कनाडा के दिग्गज रयान बेस्टर को टाई-ब्रेक में हरा दिया। बेस्टर 2023 के विश्व चैंपियन हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स में 3 बार पदक जीत चुके हैं। 2025 में उन्हें 'विश्व बॉल्स हॉल ऑफ फेम' में भी शामिल किया गया था।

पुतुल ने शानदार तरीके से जीता मैच

मैच में पुतुल ने पहला सेट 5-4 से जीता। दूसरे सेट में बेस्टर ने वापसी की और 7-3 से सेट जीतकर मैच को टाई-ब्रेक में पहुंचा दिया। दबाव में भी मौजूदा एशियाई चैंपियन पुतुल ने हिम्मत नहीं हारी और टाई-ब्रेक जीतकर ग्रुप डी का मुकाबला अपने नाम कर लिया। अब शुक्रवार को उनका सामना फॉकलैंड द्वीपसमूह के सेसिल अलेक्जेंडर से होगा।

महिला पेयर्स में पिंकी-रूपा की जीत

महिला पेयर्स स्पर्धा में रूपा रानी टिर्की और पिंकी की जोड़ी ने माल्टा को हराया। रूपा ने लीड और पिंकी ने स्किप की भूमिका निभाई। पहला सेट भारत ने 7-1 से आसानी से जीता। लेकिन दूसरे सेट में माल्टा की रेबेका लूसी रिक्सन और कोनी ले रिक्सन ने 4-3 से जीतकर मैच बराबर कर दिया। टाई-ब्रेक में भारतीय जोड़ी एक समय पीछे थी। आखिरी गेंद पर पिंकी ने शानदार शॉट खेला और भारत को जीत दिला दी। अब शुक्रवार को ग्रुप बी के दूसरे मैच में इनका सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।

बर्मिंघम की गोल्डन जोड़ी

रूपा और पिंकी 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने वाली महिला फोर्स टीम का हिस्सा थीं। भारत ने वहां पुरुष फोर्स में सिल्वर भी जीता था। हालांकि इस बार ग्लास्गो में फोर्स स्पर्धा हटा दी गई है। अब सिर्फ पुरुष-महिला सिंगल्स और डबल्स के मुकाबले हो रहे हैं। भारत के लिए पहले ही दिन दो रोमांचक जीत से ग्लास्गो खेलों का आगाज जबरदस्त रहा। लॉन बॉल्स में भारत से इस बार भी पदक की उम्मीद बढ़ गई है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article