मेलबर्न, आईएएनएस। यूक्रेन की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में बड़ा उलटफेर किया है। एलिना ने तीसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को सीधे सेटों में हराकर पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वहीं, उनका यह चौथा ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल होगा। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में स्वितोलिना ने 59 मिनट तक चले मुकाबले में गॉफ को 6-1, 6-2 से मात दी।
मैच की शुरुआत से ही स्वितोलिना ने आक्रामक और सटीक खेल दिखाया। दूसरी ओर, कोको गॉफ अपनी सर्विस और अनफोर्स्ड एरर्स से जूझती नजर आईं। शुरुआती सेट में गॉफ की सर्विस लगातार दबाव में रही और एक अहम गेम में दो डबल फॉल्ट कर बैठीं। इससे स्वितोलिना को आसान ब्रेक मिला। स्वितोलिना की पैनी बेसलाइन स्ट्रोक्स और बेहतर मूवमेंट ने पहले सेट को एकतरफा बना दिया, जिसे उन्होंने 6-1 से अपने नाम किया।
दूसरे सेट में गॉफ ने की वापसी
दूसरे सेट में गॉफ ने वापसी की कोशिश की और वाइड सर्व के जरिए कुछ पॉइंट हासिल किए, लेकिन वह लगातार अपना स्तर बनाए रखने में असफल रहीं। स्वितोलिना ने मौके का पूरा फायदा उठाया। पूरे मैच में कुल पांच बार गॉफ की सर्विस तोड़ते हुए जीत सुनिश्चित की। इस जीत के साथ स्वितोलिना का जीत का सिलसिला 10 मैचों तक पहुंच गया है, जो उनके करियर का तीसरा सबसे लंबा टूर-लेवल स्ट्रीक है।
लगातार जीत का रिकॉर्ड
इससे पहले वह 2017 में लगातार 15 और 2025 में 11 मैच जीत चुकी हैं। दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी स्वितोलिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले ऑकलैंड में अपना 19वां डब्ल्यूटीए खिताब जीता था और मेलबर्न पार्क में अब तक एक भी सेट नहीं गंवाया है। मैच के दौरान उन्हें उनके पति और फ्रेंच टेनिस स्टार गेल मोनफिल्स का कोर्टसाइड सपोर्ट भी मिला।
शानदार प्रदर्शन के दम पर स्वितोलिना की अगले सप्ताह जारी होने वाली डब्ल्यूटीए रैंकिंग में अक्टूबर 2021 के बाद पहली बार टॉप-10 में वापसी तय मानी जा रही है। गॉफ पर यह जीत स्वितोलिना के करियर की 24वीं टॉप-5 जीत है, जिनमें से चार ग्रैंड स्लैम में आई हैं और ये सभी उनकी मैटरनिटी लीव के बाद की उपलब्धियां हैं। गुरुवार को सेमीफाइनल में उनका सामना नंबर-1 सीड आर्यना सबालेंका से होगा, जिनके खिलाफ वह अपने पहले ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेंगी।
