T20 वर्ल्ड कप से पहले 34 साल के ऑस्ट्रेलियाई ने संन्यास लेकर चौंकाया
- Edited by: उमेश कुमार
- Updated Jan 27, 2026, 05:01 PM IST
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सभी को चौंका दिया है। क्रिकेट को अलविदा बोलने वाले ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पुणे वॉरियर्स के लिए खेला। इसके अलावा इंग्लैंड में केंट और बर्मिंघम फीनिक्स तथा संयुक्त अरब अमीरात में दुबई कैपिटल्स का भी उन्होंने प्रतिनिधित्व किया।
केन रिचर्डसन ने प्रोफेशन क्रिकेट को कहा अलविदा। फोटो- ICC
नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सभी को चौंका दिया है। यह तेज गेंदबाज साल 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहा था।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। इस ऐलान के साथ ही केन ने लगभग 17 साल लंबे क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया है। इस सफर में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व किया। घरेलू टूर्नामेंट जीते और दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीगों में हिस्सा लिया।
BBL में सबसे ज्यादा विकेट
केन रिचर्डसन ऑस्ट्रेलिया की उस टीम का हिस्सा थे, जिसने साल 2021 में टी20 विश्व कप जीता था। वे बिग बैश लीग के इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में गिने जाते हैं। बिग बैश लीग के 15 सीजन में उन्होंने कुल 142 विकेट लिए और मेंस वर्ग में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर रहे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केन रिचर्डसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 25 वनडे और 36 टी20 मुकाबले खेले। हाल के सालों में चोटों ने उनके खेल पर असर डाला। 34 साल की उम्र में उन्होंने बिग बैश लीग-15 में सिडनी सिक्सर्स के लिए दो मैच खेलकर अपने करियर का अंत किया। घरेलू क्रिकेट में भी उनका योगदान अहम रहा। बिग बैश लीग के आठवें सत्र में मेलबर्न रेनेगेड्स को खिताब दिलाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए दमदार प्रदर्शन
मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए उनका प्रदर्शन खास तौर पर यादगार रहा। उन्होंने 80 मैचों में 104 विकेट लिए और आज भी वे इस टीम के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। रिचर्डसन ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपने संन्यास की घोषणा की।
टी20 के अलावा केन रिचर्डसन ने लाल गेंद और वनडे घरेलू क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 34 प्रथम श्रेणी मैचों में 102 विकेट लिए और 98 लिस्ट-ए मुकाबलों में 153 विकेट हासिल किए। उनका टी20 करियर सिर्फ ऑस्ट्रेलिया तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पुणे वॉरियर्स के लिए खेला। इसके अलावा इंग्लैंड में केंट और बर्मिंघम फीनिक्स तथा संयुक्त अरब अमीरात में दुबई कैपिटल्स का भी उन्होंने प्रतिनिधित्व किया।
(इनपुट- IANS)