स्पोर्ट्स

Asian Games, Swimming: भारत के तीन तैराक एशियन गेम्स स्विमिंग प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचे

India In Asian Games Swimming: एशियन गेम्स में भारतीय तैराकों ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग वर्ग के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत की तीन तैराक- साजन प्रकाश, ऋषभ दास और उत्कर्ष पाटिल स्विमिंग फाइनल में पहुंच गए हैं।

Image

भारत के कई तैराक एशियन गेम्स तैराकी फाइनल्स में पहुंचे

Photo : AP

Asian Games Swimming: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में तैराकी प्रतियोगिता के अलग-अलग वर्ग में कई भारतीय तैराकों ने अपनी जगह पक्की कर ली है। साजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई प्रतियोगिता के फ़ाइनल में पहुंच गए हैं। साजन ने अपनी हीट में 2:00.94 का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की। उनका फाइनल भारतीय समयानुसार दोपहर 2:51 बजे होगा।

भारत के ऋषभ दास भी पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक प्रतियोगिता के फ़ाइनल में पहुंच गए। उन्होंने हीट में 2:00.53 का समय लेकर चौथा स्थान हासिल किया। उत्कर्ष पाटिल भी आगे बढ़े और 2:02.13 का समय लेकर नौवें स्थान पर रहे। उनका फाइनल भारतीय समयानुसार दोपहर 1:55 बजे होना है।

पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा की बात करें तो, अनीश सुनील और दक्षन शशिकुमार फाइनल में जगह नहीं बना पाए। वे अपनी हीट में क्रमशः 17वें और 18वें स्थान पर रहे। अनीश ने 3:58.08 का समय लिया, जबकि दक्षन का समय 3:58.73 था। हीट में शीर्ष 10 तैराक ही फाइनल में पहुंच पाए।

निशानेबाज सुरुचि-कमलजीत की जोड़ी ने भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड

इससे पहले शूटिंग में, शुक्रवार को एशियाई खेलों में कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के रोमांचक फाइनल में अव्वल रही और उन्होंने भारत को दूसरा गोल्ड मेडल जिता दिया। सबसे पहले सुरुचि और कमलजीत ने एक-एक करके ईरान और इंडोनेशिया को दौड़ से बाहर किया। इसके बाद अंतिम सीरीज में भारत का मुकाबला रिपब्लिक ऑफ कोरिया से हुआ।

फाइनल सीरीज में भारत की सुरुचि ने 9.7 और कमलजीत ने 10.0 स्कोर किया। दो शॉट के बाद कोरिया 20.9 पर रहा। भारत के पास अब भी 7.2 की बढ़त थी। इसके बाद सुरुचि ने 10.5 और कमलजीत ने 9.5 स्कोर किया। दोनों कोरियाई शूटर्स ने 10.5 स्कोर किया। आखिरी मौके पर भारत आगे रहा और नए एशियाई रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीत लिया। भारत ने 484.6 अंकों के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। महिला क्रिकेट टीम के गोल्ड के बाद एशियन गेम्स 2026 में ये भारत का दूसरा गोल्ड साबित हुआ।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article