स्पोर्ट्स

श्रीकांत ने वातानाबे को हराया, लक्ष्य ने बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में जगह पक्की की

भारत के किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेंस एकल के पहले दौर में जापान के कोकी वातानाबे को हराकर बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में स्थान पक्का कर लिया। श्रीकांत ने वातानाबे को 21-16, 16-21, 21-9 से हराकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

Image

श्रीकांत ने वातानाबे को हराया। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेंस एकल के पहले दौर में जापान के कोकी वातानाबे को हराकर अपने हमवतन लक्ष्य सेन का बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में स्थान पक्का कर दिया। हाइलो ओपन और कुमामोतो मास्टर्स जापान में लगातार दो खिताब जीतने के बाद लक्ष्य विश्व टूर रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गए थे, लेकिन सत्रांत होने वाले विश्व टूर फाइनल्स में उनका स्थान सुनिश्चित नहीं था।

वातानाबे और थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसर्न भी शीर्ष आठ में जगह बनाकर दिसंबर में होने वाले सत्र के अंतिम टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में शामिल थे। बुधवार को श्रीकांत ने वातानाबे को 21-16, 16-21, 21-9 से हराकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस हार के साथ वातानाबे चीन के हांगझोउ में नौ से 13 दिसंबर तक होने वाले सत्र के अंतिम टूर्नामेंट में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो गए।

इससे पहले लक्ष्य को फ्रांस के आर्नोड मर्कल के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। उन्होंने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 14-21, 21-16, 25-23 से जीत दर्ज कर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। लक्ष्य के 74,180 अंक थे जबकि वातानाबे के खाते में 73,620 अंक थे। दोनों के बीच एचएसबीसी रेस टू फाइनल्स रैंकिंग में अंतिम स्थानों में से एक हासिल करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा थी। हांगकांग ओपन इस सत्र का आखिरी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है।

विश्व टूर फाइनल्स की दौड़ में बने रहने के लिए वातानाबे को श्रीकांत के खिलाफ जीत की जरूरत थी, लेकिन हार के बाद वह लक्ष्य से आगे नहीं निकल सकते। वातानाबे के बाहर होने के बाद थाईलैंड के वितिदसर्न और चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन ने भी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया।

लक्ष्य दूसरी बार विश्व टूर फाइनल्स में हिस्सा लेंगे। उन्होंने 2021 में टूर्नामेंट में डेब्यू करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इस साल विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने वाले वह दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले पीवी सिंधू ने महिला एकल वर्ग में जगह पक्की की थी। लक्ष्य बृहस्पतिवार को प्री क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क के रासमुस गेम्के से भिड़ेंगे जबकि श्रीकांत का सामना कोरिया के यू ताए बिन से होगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article