Gorakhpur JCB Incident: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के दौरे के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अखिलेश यादव के स्वागत के लिए अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी दौरान पुष्पवर्षा कर रही एक जेसीबी (बुलडोजर) की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान आर्यवर्धन के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने महादेव झारखंडी शिव मंदिर चौहारे के सामने धरना दिया और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने समाजवादी पार्टी से माफी की मांग की।
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही, समाजवादी पार्टी को इस घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए।
प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिया।
मुआवजे का ऐलान
गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि 14 वर्षीय आर्यवर्धन की जेसीबी से टक्कर होने के कारण मौत हुई है। उन्होंने बताया कि परिवार और उनसे जुड़े लोगों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। परिजन संबंधित धाराओं में अपनी तहरीर दे रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को तत्काल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रशासन की ओर से परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'किसी का गढ़ गड़बड़ा गया...', गोरखपुर में उमड़े जनसैलाब को देख अखिलेश यादव ने CM योगी पर कसा तंज
जब्त की गई JCB
गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि परिजनों की मांग के अनुरूप मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल संबंधित जेसीबी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। बकौल अधिकारी, मालिक और चालकों के पीछे टीमों को लगाया जा रहा है। शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी करके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
(टाइम्स नाउ नवभारत के लिए मनीष की रिपोर्ट)
