शहर

हाथी ने कुचलकर 16 लोगों को उतारा मौत के घाट, 6 दिन.. 200 कर्मचारी और थर्मल ड्रोन से ऐसे काबू में आया 'कबरा कान'

Surguja Elephant Attack: कबरा कान नाम के हाथी पर सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में पिछले 6-7 महीनों में 16 लोगों की हत्या का आरोप है। उसके कान पर पिग्मेंटेशन और धब्बे होने की वजह से स्थानीय लोगों ने उसे 'कबरा कान' नाम दिया था।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Surguja Elephant Attack: छत्तीसगढ़ के सरगुजा में आतंक का पर्याय बन चुके खूंखार हाथी 'कबरा कान' को आखिरकार काबू में कर लिया गया है। वन विभाग ने 6 दिन तक चले लंबे ऑपरेशन के बाद बुधवार को उसे ट्रैंक्विलाइज कर रेडियो कॉलर पहना दिया। इस ऑपरेशन में 200 से ज्यादा वनकर्मी, दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी और थर्मल ड्रोन लगाए गए थे। कबरा कान पर सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में पिछले 6-7 महीनों में 16 लोगों की हत्या का आरोप है। उसके कान पर पिग्मेंटेशन और धब्बे होने की वजह से स्थानीय लोगों ने उसे 'कबरा कान' नाम दिया था। यह अकेला नर हाथी (टस्कर) पिछले कई महीनों से अकेले घूम रहा था।

कान पर धब्बे से मिला नाम

मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) प्रणय मिश्रा ने बताया कि जरूरी अनुमति मिलने के बाद 13 नवंबर को ट्रैंक्विलाइजेशन ऑपरेशन शुरू किया गया था। हाल ही में कबरा कान सरगुजा के उदयपुर इलाके में 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। मिश्रा ने कहा, "हम झुंड को ट्रैक कर रहे थे, लेकिन वह घने जंगलों में घूम रहा था, जिससे नर हाथी को ट्रैंक्विलाइज करना मुश्किल हो रहा था। हम सही मौके का इंतजार कर रहे थे, जब वह जंगल से बाहर निकले।"

ऑपरेशन के लिए तमोर पिंगला हाथी बचाव और पुनर्वास केंद्र से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी, ट्रैकर और महावतों को भी लगाया गया था। झुंड को ट्रैक करने और हाथी का पता लगाने के लिए थर्मल ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। ऑपरेशन के तीसरे दिन झुंड रामगढ़ पहाड़ियों की ओर बढ़ गया। लेकिन कबरा कान झुंड से अलग नहीं हुआ और ऐसा लग रहा था जैसे वह झुंड का ही हिस्सा बन गया हो। बुधवार सुबह वन विभाग की टीमों ने करीब 600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित रामगढ़ पहाड़ियों के दुर्गम जंगल में पोजीशन ले ली। उन्होंने पटाखे फोड़कर कबरा कान को झुंड से अलग किया। दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रैंक्विलाइजेशन टीम ने टस्कर को सफलतापूर्वक बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया।

तीन जिलों में मचाया था आतंक

मिश्रा ने बताया, "उसे निगरानी में हाई-फ्रीक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया गया। यह प्रक्रिया दोपहर करीब 3:30 बजे तक पूरी हो गई, जिसके बाद जानवर को होश में लाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।" शुरुआत में ऑपरेशन में करीब 150 वनकर्मी शामिल थे, जबकि बुधवार को 100 से ज्यादा कर्मचारी लगे थे। तमोर पिंगला और रामकोला बचाव केंद्रों के ट्रैकर, महावत और ट्रैंक्विलाइजेशन विशेषज्ञों ने भी अहम भूमिका निभाई। वन विभाग अब रेडियो कॉलरिंग सिस्टम के जरिए टस्कर की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखेगा। अगले तीन दिनों तक उसके व्यवहार को करीब से देखा जाएगा, जिसके बाद उसकी स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

मिश्रा ने कहा, "ट्रैंक्विलाइजेशन और रेडियो कॉलरिंग के बाद हाथियों का आक्रामक व्यवहार आमतौर पर कम हो जाता है। पिछले छह दिनों में यह जानवर सामान्य व्यवहार कर रहा था और झुंड के साथ घूम रहा था। अगर उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने की जरूरत पड़ी, तो फिर से अनुमति ली जाएगी, हालांकि विभाग को उम्मीद है कि ऐसा कदम उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article