स्पोर्ट्स

09 MAY 2023 सुर्खियां खेल की: तीन कप्तान आज होंगे आमने-सामने, मुंबई का तेज गेंदबाज बीच आईपीएल से हुआ बाहर

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 9, 2023, 04:33 PM IST

09 May 2023 सुर्खियां खेल की: इंडियन प्रीमियर लीग के 54वें मुकाबले में मंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में तीन कप्तान आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम है।

Image

विराट कोहली, रोहित शर्मा और जोफ्रा आर्चर। (फोटो- IPL/BCCI)

09 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल में रोमांचक मुकाबले का दौर जारी है। लीग के 54वें मुकाबले में यह नजारा एक बार फिर देखने को मिलेगा, क्योंकि इस मुकाबले में एक मैच में तीन कप्तान आमने-सामने होंगे। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा, बेंगलोर के कप्ताप फाफ डु प्लेसिस के अलावा बेंगलोर और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी बल्लेबाजी करने हुए नजर आएंगे। इसके अलावा इस मैच से पहले मुबई का धाकड़ गेंदबाज आईपीएल से बाहर हो गया। वहीं, कोलकाता ने रोमांचक मुकाबले में पंजाब को हराया, लेकिन इस मुकाबले में धीमी ओवर गति के लिए टीम के कप्तान नीतिश राणा पर जुर्माना लगाया गया है।

मुंबई का आज होगा बेंगलोर से सामना

आईपीएल के 54वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स से होगा। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम है। प्लेऑफ में बने रहने के लिए दोनों टीमों की नजर जीत पर होगी। बेंगलोर की टीम 10 अंक के साथ पॉइंट टेबल में छठे नंबर पर है, जबकि मुंबई की टीम 10 अंक के साथ 8वें नंबर पर है।

केकेआर के कप्तान पर लगा जुर्माना

कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान नीतिश राणा पर पंजाब किंग्स के खिलाफ ईडन गार्डंस पर खेले गए मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिये 12 लाख रूपये जुर्माना लगाया गया है। लीग ने एक बयान में कहा कि आईपीएल की आचार संहिता के तहत इस सत्र में यह केकेआर का पहला अपराध था लिहाजा राणा पर 12 लाख रूपये जुर्माना लगाया गया। केकेआर ने आखिरी गेंद पर रिंकू सिंह के चौके की मदद से पंजाब किंग्स को पांच विकेट से हराकर प्लेआफ की उम्मीदें कायम रखी हैं।

मेस्सी और फ्रेसर प्राइस ने जीते लॉरेस पुरस्कार

अर्जेटीना की विश्व कप 2022 में खिताबी जीत के नायक रहे महान फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी को विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का लॉरेस पुरस्कार दिया गया, जबकि जमैका की फर्राटा धाविका शैली अन फ्रेसर प्राइस सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुनी गई। फ्रेसर प्राइस ने पिछले साल विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पांचवीं बार सौ मीटर का स्वर्ण पदक जीता। लॉरेस खेल पुरस्कार सोमवार की रात को पेरिस में दिये गए । वर्ष 2020 के बाद पहली बार पुरस्कार व्यक्तिगत रूप से दिए गए। मेस्सी को 2020 में फॉर्मूला वन ड्राइवर लुईस हैमिल्टन के साथ संयुक्त रूप से पुरस्कार दिया गया था।

रोहित की दिक्कत तकनीकी नहीं, मानसिक पहलू से जुड़ी है

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की बल्लेबाजी में कोई तकनीकी खामी नहीं है और उनका खराब फॉर्म मानसिक अवरोध की वजह से है। रोहित ने इस सत्र में 18.39 की औसत और 126.89 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 184 रन बनाए। पिछले दो मैचों में तो वह खाता भी नहीं खोल सके। सहवाग ने स्टार स्पोटर्स के कार्यक्रम क्रिकेट लाइव में कहा, ‘रोहित शर्मा गेंदबाजों से नहीं बल्कि खुद से जूझ रहा है। वह मानसिक अवरोध का सामना कर रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘उसकी बल्लेबाजी तकनीक में कोई खामी नहीं है। उसके दिमाग में कोई कंफ्यूजन चल रहा है। जिस दिन वह इससे उबर जायेगा, वह पिछले सभी मैचों की भरपाई कर लेगा ।’

चोटिल आर्चर बाहर, क्रिस जॉर्डन मुंबई टीम में

फिटनेस समस्या से जूझ रहे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन आईपीएल के मौजूदा सत्र के बाकी मैच नहीं खेल सकेंगे, जिनकी जगह क्रिस जॉर्डन को मुंबई टीम में शामिल किया गया है। पांच बार की चैम्पियन मुंबई ने आर्चर को नीलामी में आठ करोड़ रूपये में खरीदा था लेकिन वह इस सत्र में सिर्फ पांच मैच खेलकर दो विकेट ले सके। वह कमर की चोट के कारण पिछले दो साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं और पिछले साल आईपीएल भी नहीं खेले थे। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड आर्चर की फिटनेस और रिकवरी पर नजर रखेगा।

फखर-चाइवाइ ने जीता आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवार्ड

पाकिस्तान के बल्लेबाज फखर जमां को अप्रैल महीने के लिए आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी चुना गया, जबकि थाईलैंड की कप्तान नूरेमोल चाइवाइ सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी रहीं। दोनों बल्लेबाजों को अप्रैल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिये पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, आईसीसी हॉल आफ फेमर्स और मीडिया प्रतिनिधियों की जूरी के अलावा दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों द्वारा किए गए मतदान के आधार पर चुना गया। फखर नवंबर 2022 में सिद्रा अमीन के बाद से यह पुरस्कार जीतने वाले पाकिस्तान के पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार दो शतक लगाए। वहीं, चाइवाइ जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में थाईलैंड की 3-0 से ऐतिहासिक जीत की सूत्रधार रही। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरिज चुना गया था।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article