स्पोर्ट्स

10 MAY 2023 सुर्खियां खेल की: होम ग्राउंड पर चेन्नई की नजर जीत पर, हैदराबाद के खिलाफ नई जर्सी में उतरेगी गुजरात की टीम

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 10, 2023, 06:53 PM IST

10 May 2023 सुर्खियां खेल की: इंडियन प्रीमियर लीग के 55वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला दिल्ली से ज्यादा चेन्नई के लिए अहम है।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी। (फोटो - IPL/BCCI)

10 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल में एक बार फिर धोनी के गगनचुंबी छक्के देखने को मिल सकता है। आईपीएल के 55वें मुकाबले में होम ग्राउंड चेपक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। इसके अलावा गुजरात टाइटंस की टीम 15 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नई जर्सी में खेलने उतरेगी। वहीं, भारत की मेजबानी में इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए सीधा क्वालीफिकेशन करने वाली आठ टीमों के नाम का ऐलान कर दिया गया है। इसके अलावा, भारत ने दो जून से जापान के काकामिगाहारा में शुरू होने वाले प्रतिष्ठित महिला जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए बुधवार को 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की।

चेन्नई की टीम आज दिल्ली से भिड़ने उतरेगी

आईपीएल की दूसरी सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स का बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स से सामन होगा। यह मुकाबला चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई की टीम मौजूदा सीजन में छठी बार अपने होम ग्राउंड पर उतरेगी। इससे पहले पांच मैचों में चेन्नई की टीम को तीन मैचों में जीत मिली है। वहीं, चेन्नई की टीम 13 अंक के साथ पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है, जबकि दिल्ली की टीम 8 अंक के साथ टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है।

वनडे वर्ल्ड कप के लिए इन 8 टीमों को सीधा टिकट

भारत की मेजबानी में इस साल अक्टूबर-नवंबर में खेले जाने वाले आईसीसी विश्व कप 2023 के लिए सीधा क्वालीफिकेशन हासिल करने वाली आठ टीमें का नाम का फैसला मंगलवार देर रात हो गया। इसमें भारत सहित ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, बांग्लादेश, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीमें टूर्नामेंट में सीधे प्रवेश करने में सफल रही हैं। दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज इस बार भी सीधे क्वालीफाई करने में नाकाम रही है। वहीं, एक बार की चैम्पियन श्रीलंका भी क्वालीफिकेशन हासिल करने में नाकाम रही है।

भारत ने महिला जूनियर एशिया कप के लिए घोषित की टीम

भारत ने दो जून से जापान के काकामिगाहारा में शुरू होने वाले प्रतिष्ठित महिला जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए बुधवार को 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की। भारत को कोरिया, मलेशिया, चीनी ताइपे और उज्बेकिस्तान के साथ पूल ए में रखा गया है, जबकि पूल बी में मेजबान जापान, चीन, कजाकिस्तान, हांगकांग और इंडोनेशिया शामिल हैं। जूनियर एशिया का भारत के लिए महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है क्योंकि इसमें शीर्ष पर रहने वाली तीन टीम इस साल होने वाले एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

कैंसर के खिलाफ जंग का समर्थन करने बैंगनी रंग की ड्रेस पहनेगी गुजरात टीम

गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी कैंसर के खिलाफ जंग का समर्थन करने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15 मई को अपने घरेलू मैदान पर होने वाले मैच में बैंगनी रंग की पोशाक पहनेंगे। हार्दिक पंड्या की अगुवाई वाली टीम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी। यह आईपीएल में घरेलू मैदान पर उसका आखिरी मैच होगा। इस पहल का उद्देश्य कैंसर जैसी बीमारी को लेकर लोगों में जागरूकता पैदा करना है। भारत और विश्व में कैंसर के कारण प्रतिवर्ष हजारों लोगों की जान चली जाती है।

रियल मैड्रिड और मैनचेस्टर सिटी के बीच सेमीफाइनल रहा ड्रॉ

रियल मैड्रिड और मैनचेस्टर सिटी के बीच चैंपियंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल का पहले चरण का मैच 1-1 से बराबर रहा। पहला चरण ड्रॉ रहने से अब मैनचेस्टर में अगले सप्ताह होने वाला दूसरा चरण का मैच निर्णायक बन गया है, जिसमें जीत दर्ज करने वाली टीम फाइनल में जगह बनाएगी। रियल मैड्रिड ने विनीसियस जूनियर के 36वें मिनट में किए गए गोल से बढ़त बनाई, लेकिन मैनचेस्टर सिटी के केविन डी ब्रुइन ने 67वें मिनट में बराबरी का गोल करके सेमीफाइनल को रोमांचक बना दिया। रियल मैड्रिड 13 सत्र में 11वीं बार सेमीफाइनल में खेल रहा है।

बांग्लादेश-आयरलैंड मैच बारिश से धुला

बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने से दक्षिण अफ्रीका ने इस साल के आखिर में भारत में होने वाले वनडे विश्वकप में अपनी जगह सुरक्षित कर दी। आयरलैंड को आईसीसी वनडे सुपर लीग के जरिए विश्व कप में स्वत: प्रवेश करने के लिए सीरीज के तीनों मैच में जीत दर्ज करने की जरूरत थी। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका स्वत: क्वालीफाई नहीं कर पाता, लेकिन इसके बजाय आयरलैंड को अब जून और जुलाई में होने वाले अंतिम क्वालीफाइंग दौर से गुजरना पड़ेगा। मंगलवार को खेले गए मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 246 रन बनाए। इसके जवाब में आयरलैंड ने जब 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 65 रन बनाए थे तभी बारिश आ गई और इसके बाद आगे का खेल नहीं हो पाया।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article