स्पोर्ट्स

प्रीति पवार ने पक्का किया सिल्वर मेडल, 54 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में बनाई जगह

भारत की प्रीति पवार ने मेडल का रंग बदल लिया है। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने जांबिया के म्वापे को हराकर पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स के फाइनल में जगह बना ली। उनके पास पहली बार गोल्ड जीतने का मौका है।

Image

प्रीति पवार (साभार-X)

वर्ल्ड नंबर 3 और भारत की उभरती हुई बॉक्सर प्रीति पवार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 54 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी जगह पक्की कर ली। मेडल पहले ही पक्का कर चुकी प्रीति ने सेमीफाइनल मुकाबले में जांबिया की कैथरीन म्वापे 5-0 से हराकर अपने मेडल का रंग सिल्वर कर लिया है और अब उनकी नजर गोल्ड मेडल पर होगी। अपना पहला ही कॉमनवेल्थ गेम्स खेल रही प्रीति ने अपनी विपक्षी पर पूरे बाउट के दौरान हावी रहीं। एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर भारतीय मुक्केबाजी में अपनी मजबूत पहचान बनाने वाली प्रीति की यह पहली बड़ी उपलब्धि है। 54 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में शनिवार को उनका सामना कनाडा की सकार्लेट डेलगाडो (scarlet Delgado) से होगा।

प्रीति ने दर्ज की एकतरफा जीत

क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी प्रीति ने एकतरफा जीत हासिल की थी। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया था। प्रीति सेमीफाइनल में भी उसी अंदाज में उतरी थी। उनके आक्रामक पंच का जवाब कैथरीन के पास नहीं था। उन्होंने पहला राउंड 10-8 से अपने पक्ष में किया जबकि दूसरे राउंड में भी उन्होंने इसी प्रदर्शन को दोहराते हुए 10-8 से अपने नाम किया। तीसरा राउंडर प्रीति ने 10-9 से जीता और अपने मेडल का रंग बदल दिया।

जीत के बाद प्रीति ने कहा 'मैं किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं लेती। अपने कोच के साथ हर मुकाबले की पूरी तैयारी करती हूं और खुशी है कि उन योजनाओं को अमल में ला पा रही हूं।’

प्रीति पवार की बड़ी उपलब्धियां

साल 2026 में प्रीति ने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था। इसके अलावा इसी साल उन्होंने गोल्ड ग्रांड प्रिक्स में भी गोल्ड मेडल जीता था। पेरिस ओलंपिक में 54 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधत्व करने वाली प्रीति ने 2025 में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि, वो पहली बार सुर्खियों में साल 2022 एशियन गेम्स में आईं जब उन्होंने इस ब्रोंज मेडल जीता था।

बॉक्सिंग में रिकॉर्ड मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बॉक्सिंग में भारत की ओर से पहले रिकॉर्ड बन चुका है। भारतीय बॉक्सर 10 मेडल पक्का कर चुके हैं जो बॉक्सिंग में सर्वाधिक है। बर्मिंघम में भारत ने 7 मेडल जीते थे। 7 में से 3 गोल्ड, एक सिल्वर और 3 ब्रोंज मेडल शामिल था।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article