स्पोर्ट्स

Asian Champions Trophy: भारतीय हॉकी टीम के चोटिल स्ट्राइकर अभिषेक का कोरिया के खिलाफ खेलना संदिग्ध

Asian Champions Trophy: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लय में चल रहे स्ट्राइकर अभिषेक का बुधवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ होने वाले एशियन चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में खेलना संदिग्ध है।

Image

दक्षिण कोरिया के खिलाफ अभिषेक का खेलना संदिग्ध (Hockey India)

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने सोमवार को कहा कि फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर अभिषेक का बुधवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल में खेलना संदिग्ध है। अभिषेक मलेशिया के खिलाफ रविवार को हुए मुकाबले से पहले अभ्यास के दौरान टखने में लगी चोट से अब तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं।

भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखा। भारतीय टीम अब बुधवार को मोहाली में सेमीफाइनल में एक बार फिर कोरिया का सामना करेगी। दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया और जापान की टीमें आमने-सामने होंगी। फुल्टन ने कहा, "अभी हम कुछ निश्चित तौर पर नहीं कह सकते। हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं। अभिषेक चोटिल हैं और हम देख रहे हैं कि क्या वह वापसी कर सकते हैं। हमें इंतजार करना होगा क्योंकि समय बहुत कम है। अगर हम उन्हें खिलाते हैं तो उनकी चोट और बढ़ सकती है। इसलिए अभी कुछ तय नहीं है। हम स्थिति पर नजर रखेंगे।"

दक्षिण अफ्रीका के इस कोच ने हालांकि सोमवार को अपनी टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा, "हां, यह अच्छा प्रदर्शन था। हमने बेहतरीन हॉकी खेली और मुझे टीम का खेल देखकर अच्छा लगा। हमने अपनी शैली के मुताबिक हॉकी खेली और गेंद पर हमारा नियंत्रण अच्छा रहा।"

फुल्टन ने कहा, "जब हम गेंद को तेजी से आगे बढ़ाते हैं और बेहतर तालमेल के साथ पास देते हैं तो विपक्षी टीम के लिए हमें रोकना मुश्किल हो जाता है। सात-आठ गोल करना बड़ी बात है और मैं इससे खुश हूं।" उन्होंने सेमीफाइनल की चुनौती को लेकर कहा, "अब हमें नए सिरे से शुरुआत करनी होगी। दबाव अलग होगा और परिस्थितियां भी अलग होंगी। दबाव विपक्षी टीम पर होना चाहिए। हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी और यही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।"

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह हालांकि अभिषेक की सेमीफाइनल में वापसी को लेकर आशावान नजर आए। उन्होंने कहा, "मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन मुझे लगता है कि वह वापसी कर लेंगे।"

हरमनप्रीत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ टीम के प्रदर्शन पर भी संतोष जताया। उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। जब आपको सही समय पर मौके मिलते हैं और आप उन्हें गोल में बदलते हैं तो यह निश्चित रूप से बड़ा फायदा होता है। हम हर मैच में मौके बना रहे हैं लेकिन कभी उन्हें गोल में बदल पाते हैं और कभी नहीं।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article