स्पोर्ट्स

World Junior Chess Championship: भारत के 17 वर्षीय प्रणव वेंकटेश ने जीता विश्व जूनियर शतरंज का खिताब, विश्वनाथन आनंद ने दी बधाई

भारत के युवा शतरंज खिलाड़ी प्रणव वेंकटेश ने मोंटेनेग्रो के पेट्रोवाक में आयोजित वर्ल्ड जूनियर चेस चैंपियनशिप की खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत को शतरंज में एक और वर्ल्ड चैंपियन मिल गया है।

Image

प्रणव वेंकटेश(साभार Pranav Venkatesh Instagram)

नई दिल्ली: भारत के प्रणव वेंकटेश ने शुक्रवार को मोंटेनेग्रो के पेट्रोवाक में 11वें और अंतिम दौर में स्लोवेनिया के मैटिक लेवरेंसिक के खिलाफ ड्रॉ खेलकर विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप (अंडर-20) जीत ली। भारतीय शतरंज के लिए यह एक शानदार दिन रहा क्योंकि अरविंद चितंबरम ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़कर प्राग मास्टर्स जीत लिया।

वेंकटेश ने किया शानदार प्रदर्शन

पिछले साल चेन्नई इंटरनेशनल में चैलेंजर्स वर्ग जीतने वाले वेंकटेश ने दुनिया के जूनियर खिलाड़ियों के बीच अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपराजित रहे। भारतीय खिलाड़ी ने कुल सात जीत और चार ड्रॉ के साथ संभावित 11 में से नौ अंक हासिल किए। जब अंतिम दौर की जोड़ियों की घोषणा की गई तो यह स्पष्ट था कि वेंकटेश के लिए ड्रॉ ही काफी होगा।

विशिष्ट पंक्ति में हुए शामिल

महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने वेंकटेश की इस उल्लेखनीय उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, 'विश्व जूनियर चैंपियन प्रणव वेंकटेश को बधाई। वह शानदार फॉर्म में हैं। वह लगातार अपने खेल का विश्लेषण करते हैं, सुझाव देते हैं और फीडबैक लेते हैं। आप विश्व जूनियर चैंपियंस की एक बहुत ही प्रतिष्ठित पंक्ति में शामिल हो गए हैं!'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article