जर्मनी में हाइलो ओपन का खिताब जीतने वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन कोरिया ओपन से हट गए हैं जिसके बाद मंगलवार से यहां शुरू होने वाले इस पांच लाख डॉलर इनामी सुपर 500 टूर्नामेंट में अनुभवी एचएस प्रणय भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। लक्ष्य को पहले दौर में चीन के डोंग तियान याओ से भिड़ना था लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। विश्व चैंपियनशिप 2023 के कांस्य पदक विजेता प्रणय अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण कोरिया के यू ताए बिन के खिलाफ करेंगे। 33 वर्षीय प्रणय अंतरराष्ट्रीय सर्किट में भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं और लक्ष्य की गैरमौजूदगी में पुरुष एकल में उन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। पुरुष एकल में चीनी ताइपे के शीर्ष वरीय चोउ तिएन चेन, जापान के तीसरे वरीय कोडाई नाराओका और कनाडा के विक्टर लाई जैसे मजबूत खिलाड़ी भी चुनौती पेश करेंगे।
महिला एकल में तन्वी शर्मा अपने अभियान की शुरुआत जापान की मनामी सुइजु के खिलाफ उतरेंगी। इस साल ताइपे ओपन का खिताब जीतने वाली इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने खुद को उभरती प्रतिभाओं में शामिल किया है। मालविका बंसोड़ को पहले दौर में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। उनका मुकाबला दक्षिण कोरिया की चौथी वरीय सिम यू जिन से होगा।
पिछले सप्ताह हाइलो ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली अनमोल खरब कनाडा की रेचल चान से भिड़ेंगी। 19 वर्षीय अनमोल का जर्मनी में प्रदर्शन प्रभावशाली रहा था जहां उन्होंने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू के खिलाफ सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। कोरिया ओपन में उनके पास एक बार फिर ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी क्षमता साबित करने का मौका होगा। महिला युगल में भारत की सोनाली सिंह और रितिका ठाकेर का सामना ऑस्ट्रेलिया की लौडिया चेल्सी ग्रिसेल्डा और नोजोमी शिमिजू से होगा। मिश्रित युगल में ध्रुव रावत और के मनीषा भारतीय चुनौती पेश करेंगे। पहले दौर में उनका मुकाबला झू यी जुन और ली कियान की सातवीं वरीयता प्राप्त चीन की जोड़ी से होगा।
