स्पोर्ट्स

Paris Masters: टॉप रैंकिंग पर पहुंचने के बाद पहले ही मैच में हारे ज्वेरेव, जोकोविच भी बाहर

Paris Masters 2026: विश्व नंबर एक की कुर्सी संभालने वाले अलेक्जेंडर ज्वेरेव का शीर्ष रैंकिंग पर सफर हार के साथ शुरू हुआ। ज्वेरेव के बाद रिकॉर्ड सात बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

Image

एलेक्जेंडर ज्वेरेव और नोवाक जोकोविच पेरिस मास्टर्स से बाहर हुए

Photo : AP

पुरुष टेनिस में विश्व नंबर एक की कुर्सी संभालने वाले अलेक्जेंडर ज्वेरेव का शीर्ष रैंकिंग पर सफर हार के साथ शुरू हुआ। ज्वेरेव को बुधवार को पेरिस मास्टर्स के दूसरे दौर में इटली के लोरेंजो मुसेटी के हाथों 6-7, 2-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। हार से निराश जर्मनी के ज्वेरेव ने अपनी खराब प्रदर्शन को स्वीकार करते हुए कहा, "हां, मैं खराब खेला। पिछले कुछ महीनों में शायद यह मेरे सबसे खराब मुकाबलों में से एक था।"

ज्वेरेव के बाद रिकॉर्ड सात बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के क्वालीफायर खिलाड़ी रिंकी हिजिकाता ने 2-6, 6-3, 6-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। सात बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन कार्लोस अल्कराज ने अमेरिका के एलेक्स मिशेलसन को 7-6, 6-3 से हराया। लगातार छठी जीत दर्ज करने वाले 23 वर्षीय अल्कराज के सामने अगले दौर में माटेओ बेरेटिनी की चुनौती होगी।

दसवीं वरीयता प्राप्त जोकोविच ने हिजिकाता के खिलाफ मुकाबले में अच्छी शुरुआत की और पहले सेट में दबदबा बनाए रखा। हालांकि, दूसरे सेट में 3-3 की बराबरी के बाद वह लगातार तीन गेम गंवा बैठे। तीसरे सेट की शुरुआत में वह अपने सहयोगी स्टाफ पर नाराजगी जताते नजर आए। इसके बाद सातवें गेम में उनकी सर्विस टूट गई। हिजिकाता ने एक बार फिर जोकोविच की सर्विस तोड़ी और उनके बैकहैंड शॉट के कोर्ट से बाहर जाने के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

चौबीस ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच को इस महीने के आखिर में होने वाले एटीपी फाइनल्स में जगह बनाने की उम्मीद कायम रखने के लिए पेरिस मास्टर्स के सेमीफाइनल में पहुंचना जरूरी था। सातवीं वरीयता प्राप्त फ्रांसेस टियाफो को फ्रांस के क्वेंटिन हेलिस ने 6-3, 1-6, 7-6 से हराया।

चौथी वरीयता प्राप्त डेनियल मेदवेदेव को इग्नासियो ब्यूसे ने 6-4, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article