दुनिया

ट्रंप ने यूक्रेन पर रूस के साथ समझौते का दबाव बढ़ाया, बोले- अब डील करने का समय

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पर रूस के साथ समझौता करने का दबाव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन को काफी सहायता दी, लेकिन बदले में नुकसान उठाया है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)

Photo : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पर रूस के साथ समझौता करने का दबाव बढ़ा दिया है। मंगलवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि वह चाहते हैं कि जेलेंस्की समझौता करें। दोनों नेताओं के बीच संबंधों में एक बार फिर तनाव आने के बाद ट्रंप का यह बयान सामने आया है।

ट्रंप ने कहा, “हम चाहते हैं कि जेलेंस्की समझौता करें।” उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने यूक्रेन को काफी मदद दी है, लेकिन बदले में उसे परेशानी, मौतों और भारी आर्थिक नुकसान के अलावा कुछ नहीं मिला। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ, तो इसका परिणाम बहुत बुरा हो सकता है।

ट्रंप का दावा- यूरोप भी युद्ध से थक रहा है

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि यूरोपीय देश रूस-यूक्रेन युद्ध से थकने लगे हैं। हालांकि, यूरोपीय देश अमेरिकी आपूर्ति में संभावित कटौती की भरपाई करने का प्रयास कर रहे हैं। ट्रंप लगातार यूक्रेन और रूस के बीच समझौते पर जोर देते रहे हैं। ताजा बयान में उन्होंने एक बार फिर जेलेंस्की से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

अमेरिकी नागरिक स्टीफन हबर्ड की रिहाई पर भी चर्चा

ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अमेरिकी नागरिक स्टीफन हबर्ड के मामले पर बातचीत होने की पुष्टि की। हबर्ड को यूक्रेन में भाड़े के सैनिक के तौर पर लड़ने के मामले में रूस में दोषी ठहराया गया था। जानकारी के मुताबिक, वह इस मामले में दोषी ठहराए जाने वाले पहले ज्ञात अमेरिकी नागरिक हैं। रूस की एक अदालत ने 2024 में हबर्ड को करीब सात साल जेल की सजा सुनाई थी। जब ट्रंप से उनकी रिहाई के संभावित समझौते के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह इस पर बात नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने पुष्टि की कि उनका प्रशासन हबर्ड के मामले पर ध्यान दे रहा है। ट्रंप ने कहा, “अब समय आ गया है कि मिस्टर हबर्ड को वापस लाया जाए।”

भारत के साथ व्यापार समझौते पर क्या बोले ट्रंप?

भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच समझौता होगा, लेकिन उसका स्वरूप पहले से अलग होगा। उन्होंने कहा, “हम एक समझौता करेंगे। यह एक बहुत अलग तरह का समझौता होगा।” हालांकि, ट्रंप ने इस बयान में समझौते की शर्तों, समयसीमा या संभावित बदलावों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article