क्रिकेट

PAK vs ENG: अराफात मिन्हास के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 87 रन से हराया

ट्राई सीरीज में पाकिस्तान टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को उसने इंग्लैंड को 87 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली। इस जीत के हीरो रहे अराफात मिन्हास जिन्होंने गेंद और बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम (साभार-X)

अराफात मिन्हास के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 87 रन से हरा दिया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को 303 रन का लक्ष्य दिया और फिर बाद में उसे 215 रन पर ऑलआउट कर आसानी से मैच जीत लिया। पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास ने 6 विकेट चटकाए। इंग्लैंड की खराब बल्लेबाजी का आलम यह रहा कि उसने अपने आखिरी 5 विकेट केवल 18 रन के भीतर गंवा दिए। 197 के स्कोर पर इंग्लैंड को छठा झटका लगा था जबकि 215 रन बनाते-बनाते पूरी टीम आउट हो गई। इंग्लैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज टॉम बेंटन ही अर्धशतकीय पारी खेल पाए। बेंटन ने 57 जबकि उनके जोड़ीदार बेन डकेट ने 45 रन की पारी खेली।

इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने हसन नवाज के 79 और अराफात मिन्हास के 59 रन की तेज-तर्रार पारी के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 302 रन बनाए। दोनों ने छठे विकेट के 78(74) रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा पूर्व कप्तान बाबर आजम ने 34, विकेटकीपर साद बेग ने 35 और फहीम अशरफ ने 39 रन की विस्फोटक पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से सोनी बेकर ने 3 जबकि गस एटकिंसन ने 2 विकेट चटकाए।

ट्राई सीरीज नें पाक का शानदार प्रदर्शन

यह ट्राई सीरीज में पाकिस्तान की लगातार दूसरी जीत है। पहले मुकाबले में उसने श्रीलंका को 37 रन से हराया था। पाकिस्तान ने अपने पहले मुकाबले में भी 300 रन का आंकड़ा पार किया था। श्रीलंका के खिलाफ पहले मुकाबले में उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए 305 रन बनाए थे और बाद में अपने तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर श्रीलंका को 268 रन पर रोक दिया था। पाकिस्तान का तीसरा मुकाबला रविवार, 25 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा। यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article