स्पोर्ट्स

भारतीय लड़कियों ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को हराकर महिला हॉकी टीम बनी FIH नेशंस कप चैंपियन

FIH Nations Cup Champion: ‘वुमेन इन ब्लू’ ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए दबदबा कायम किया और ट्रॉफी के साथ FIH प्रो लीग में प्रमोशन भी हासिल किया। यह जीत भारतीय हॉकी के लिए एक बड़ा बयान है कि टीम अब दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।

Image

महिला हॉकी टीम ने जीता नेशंस कप (फोटो साभार- @TheHockeyIndia)

FIH Nations Cup Champion: भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑकलैंड में खेले गए FIH हॉकी वुमेंस नेशंस कप 2025-26 के फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। ‘वुमेन इन ब्लू’ ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए दबदबा कायम किया और ट्रॉफी के साथ FIH प्रो लीग में प्रमोशन भी हासिल किया। यह जीत भारतीय हॉकी के लिए एक बड़ा बयान है कि टीम अब दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।

हॉकी इंडिया ने सभी खिलाड़ियों को दिए 3-3 लाख रुपये

इस ऐतिहासिक जीत का जश्न हॉकी इंडिया ने भी बड़े स्तर पर मनाया। टीम की उपलब्धि को सम्मान देते हुए हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के हर सदस्य को 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने कहा कि यह इनाम उस मेहनत का सम्मान है जिससे खिलाड़ियों ने देश को गर्व महसूस कराया। यह खिताब 2022 के बाद भारत का दूसरा नेशंस कप है। इस जीत से भारतीय टीम 2026-27 सीजन के लिए FIH विमेंस प्रो लीग में जगह बना लेगी, जहां उसका सामना नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना जैसी शीर्ष टीमों से होगा। कोच हरेंद्र सिंह ने कहा कि टीम का लक्ष्य अब ओलंपिक और वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना है।

सेमीफाइनल में चिली को हराया

इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप के सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए चिली को 6-0 से हराया था। टूर्नामेंट में वह भारत की लगातार चौथी जीत थी। भारत ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। छठे मिनट में नवनीत कौर ने पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई। 13वें मिनट में कप्तान सलीमा टेटे ने बाएं फ्लैंक से तेज दौड़ लगाकर गेंद नवनीत को दी और उन्होंने अपना दूसरा गोल दाग दिया। एक मिनट बाद ही 14वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।

18वें मिनट में दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। इस गोल के साथ दीपिका टूर्नामेंट में 6 गोल के साथ टॉप स्कोरर बन गई हैं। हाफ टाइम तक भारत 4-0 से आगे था।दूसरे हाफ में भी भारत का आक्रमण जारी रहा। 32वें मिनट में नेहा ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 5-0 कर दिया। 39वें मिनट में रूतुजा पिसाल ने शानदार रिवर्स हिट पर भारत का छठा गोल दागा। चिली ने आखिरी क्वार्टर में वापसी की कोशिश की और कुछ मौके बनाए, लेकिन अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने बेहतरीन बचाव करते हुए क्लीन शीट बरकरार रखी। सविता ने चिली के हर हमले को नाकाम किया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article