स्पोर्ट्स

राष्टमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची भारतीय पुरुष और महिला टीम, मलेशिया से होगी खिताबी भिड़ंत

भारतीय महिला और पुरुष टीम 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई है। दोनों वर्ग के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को पटखनी दी। जहां उसकी गोल्ड के लिए मलेशिया से भिड़त होगी।

Image

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम

नई दिल्ली: भारत की पुरुष और महिला टीम ने बुधवार को 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अपने-अपने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम ने एकतरफा मुकाबले में इंग्लैंड को 3-0 से हराकर प्रतियोगिता में अपना अजेय अभियान जारी रखा।

मनुष शाह ने कॉनर ग्रीन को 11-9, 11-9, 11-6 से हराकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद दुनिया के 38वें नंबर के खिलाड़ी मानव ठक्कर ने बायीं आंख के ऊपर 13 टांके होने के बावजूद शानदार प्रदर्शन करते हुए जोसेफ हंटर को 11-8, 11-4, 11-5 से शिकस्त दी। अनुभवी हरमीत देसाई ने बेंजामिन पिगॉट को 11-5, 11-5, 11-5 से हराकर भारत की 3-0 की जीत सुनिश्चित की। भारतीय पुरुष टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच गंवाए बिना फाइनल में जगह बनाई।

महिला टीम को हालांकि कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा लेकिन उसने इंग्लैंड को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता श्रीजा अकुला ने चियुक लाम जैस्मिन वोंग को 11-6, 11-3, 11-9 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इंग्लैंड की टिन-टिन हो ने यशस्विनी घोरपड़े को 11-9, 11-6, 11-7 से हराकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके बाद सिंड्रेला दास ने ऐना ग्रीन को 11-7, 11-4, 11-9 से हराकर भारत को फिर बढ़त दिलाई। चौथे मुकाबले में श्रीजा ने टिन-टिन हो को पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 11-8, 5-11, 11-6, 8-11, 11-9 से हराकर भारत की जीत सुनिश्चित की। पुरुष और महिला दोनों वर्गों के फाइनल में अब भारत का सामना मलेशिया से होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article