स्पोर्ट्स

India open badminton 2026: तीन गेम के कड़े मुकाबले में हारकर इंडियन ओपन से बाहर हुए लक्ष्य सेन, खत्म हुई भारतीय चुनौती

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को इंडियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के लिन चुन यी के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

Image

लक्ष्य सेन (फोटो क्रेडिट BAI Media X)

नई दिल्ली: अल्मोड़ा के 24 वर्षीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन शुक्रवार को नई दिल्ली में इंडिया ओपन सुपर 750 में पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के लिन चुन यी को चुनौती देने के बाद हार गए, जिससे टूर्नामेंट में घरेलू चुनौती भी समाप्त हो गई। लक्ष्य ने तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में कड़ी टक्कर दी लेकिन निर्णायक पलों में पीछे रह गए। उन्होंने आखिरी पलों में मिली बढ़त गंवा दी और दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी से 21-17, 13-21, 18-21 से हार गए।

जीत के साथ लक्ष्य ने की मुकाबले की शुरुआत

यह मुकाबला चुनौतीपूर्ण था जिसमें लंबी रैलियां और नेट पर तेज शॉट देखने को मिले। दोनों खिलाड़ियों ने थका देने वाले तीन गेम में एक-दूसरे के सयंम और सटीकता की परीक्षा ली। लक्ष्य ने जोरदार शुरुआत करते हुए लिन को तेज रैलियों में उलझाया। शुरुआती दौर में स्कोर 4-4 से 7-7 तक बराबर रहा जिसके बाद लक्ष्य ब्रेक में आगे निकल गए। दो शानदार विनर ने लक्ष्य को 13-10 पर पहुंचा दिया और लिन की गलतियों की वजह से लगातार दबाव बनाकर उन्होंने इसे 16-11 तक बढ़ा लिया। 54 शॉट की एक रैली लिन के बाहर शॉट फेंकने के साथ खत्म हुई जिससे लक्ष्य को जल्द ही पांच गेम प्वाइंट मिले और उन्होंने तीसरे मौके पर पहला गेम जीत लिया।

लिन चुन यी ने की दूसरे गेम में शानदार वापसी

दूसरे गेम में परिस्थितियों ने शटल पर नियंत्रण करना मुश्किल बना दिया और लक्ष्य को अपनी लेंथ के साथ संघर्ष करना पड़ा जिससे ब्रेक में वह 11-5 से पीछे थे। एक क्रॉस-कोर्ट स्मैश के बाद एक तेज रिटर्न ने उन्हें अंतर को 7-12 तक कम करने में मदद की। लिन की एक सर्विस बाहर जाने से स्कोर 9-14 हो गया। पर बाएं हाथ के लिन ने फिर से नियंत्रण हासिल कर लिया और एक थका देने वाली 56 शॉट की रैली के बाद 18-13 पर पहुंच गए। लक्ष्य इस गेम में बार-बार बेसलाइन से चूक गए जिससे लिन स्कोर 1-1 से बराबर करने में कामयाब रहे।

शुरुआती बढ़त बनाने के बाद लक्ष्य ने गंवाया तीसरा गेम

निर्णायक गेम में लक्ष्य ने 4-0 की बढ़त बना ली। लिन ने दो जंप स्मैश के साथ अपना खाता खोला और 8-6 से आगे हो गए। लिन ने लगातार क्रॉस-कोर्ट स्मैश के साथ 9-9 की बराबरी की और थोड़ी देर के लिए बढ़त बनाई। लक्ष्य ने फिर से लय हासिल कर ली और ब्रेक के बाद लिन 12-12 की बराबरी पर थे। लेकिन लगातार तीन गलतियों के कारण लक्ष्य 15-12 से आगे हो गए। लिन फिर से 15-15 से बराबरी पर आ गए। 18-16 से पीछे होने पर लक्ष्य ने रैली में बने रहने के लिए पीछे से एक शानदार शॉट लगाया और फिर बॉडी स्मैश से बराबरी हासिल कर ली। लिन ने भी एक मजबूत रिटर्न-टू-सर्व से जवाब दिया और दो अंक की बढ़त बनाई। जब लक्ष्य ने नेट में शॉट मारा तो लिन ने मैच प्वाइंट हासिल कर लिया। लक्ष्य रैली के दौरान पिछड़ गए और उनके कमजोर रिटर्न से लिन मैच जीतने में सफल रहे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article