Formula One Race in India: भारत में 14 साल बाद फॉर्मूला वन रेस की वापसी होगी। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि 2027 में भारत में फॉर्मूला वन रेस की वापसी होगी। मांडविया ने यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि ग्रेटर नोएडा में बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में इस रेस के आयोजन के लिए कम से कम तीन कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है।
यह वही ट्रैक है जहां 2011, 2012 और 2013 में फॉर्मूला वन रेस हुई थी। खेल मंत्रालय ने फॉर्मूला वन की वापसी के मद्देनजर व्यवस्था और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए कमर कस ली है। तीन विदेशी कंपनियां भी इसकी वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कुछ ही दिनों में संयुक्त बैठक होगी और साल 2027 में फॉर्मूला वन रेस आयोजित करने के रोडमैप पर चर्चा हो सकती है।
खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने क्या कहा?
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, भारत में 2027 में फॉर्मूला वन रेस होगी। पहली रेस बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आयोजित की जाएगी। फॉर्मूला वन रेस के लिए अगले छह महीने में सारी औपचारिकताएं पूरी करेंगे।
तीन शहरों में है फॉर्मूला वन ट्रैक
गौरतलब हो कि भारत में तीन शहरों (नोएडा, हैदराबाद और चेन्नई) में फॉर्मूला वन ट्रैक हैं। साल 2027 में नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर फॉर्मूला वन रेस आयोजित हो सकती है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि देश में फॉर्मूला वन को स्थापित करने के लिए सरकार पूरा सहयोग करेगी।
इंडियन ग्रां प्री हो चुकी है भारत में आयोजित
भारत इससे पहले फॉर्मूला वन रेस इंडियन ग्रां प्री आयोजित कर चुका है, लेकिन कर और नौकरशाही संबंधी समस्याओं के कारण 2013 में तीसरे संस्करण के बाद इसे फॉर्मूला वन रेस के कैलेंडर से हटा दिया गया था।
