Jaspal Rana Death: भारत के पूर्व दिग्गज निशानेबाज और कॉमनवेल्थ गेम्स में दो मेडल जीतने वाली भारतीय निशानेबाज मनु भाकर के कोच जसपाल राणा का आकस्मिक निधन हो गया है। ताजा खबर के मुताबिक जसपाल राणा कुछ ही दिन पहले सर्जरी से गुजरे थे, लेकिन अब खबर है कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है। वो 49 वर्ष के थे। उन्हें वर्ष 2020 में खेल जगत के सर्वोच्च कोचिंग सम्मान 'द्रोणाचार्य पुरस्कार' से सम्मानित किया गया था।
जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप से भारतीय दल की वापसी के दौरान फ्लाइट में जसपाल राणा की तबीयत बिगड़ गई थी। दिल्ली पहुंचने के बाद वे सीधे अस्पताल गए, जहां उनकी जांच की गई और बाद में उन्हें स्टेंट लगाया गया था। जसपाल राणा भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड और दो सिल्वर सहित कुल चार मेडल जीते।
एक सफल और गौरवशाली निशानेबाजी करियर के बाद राणा ने जूनियर राष्ट्रीय टीम कोच और हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनर के रूप में भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कोच के रूप में उनके योगदान में मनु भाकर को ट्रेनिंग देना शामिल है। उनकी देखरेख में मनु भाकर ने 2024 पेरिस ओलंपिक में ऐतिहासिक दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया।
कहां हुआ था जसपाल राणा का जन्म, परिवार के बारे में जानकारी
जसपाल राणा का जन्म 1976 में उत्तराखंड में स्थित उत्तरकाशी के एक गढ़वाली परिवार में हुआ था। जसपाल के खून में ही निशानेबाजी थी। उनके पिता नारायण सिंह राणा 1971 की लड़ाई के अनुभवी सैनिक थे, जिन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में सेवा की और बाद में 2000 में उत्तराखंड के पहले खेल मंत्री बने। उनके पिता को भी शूटिंग खेलों में दिलचस्पी थी और वे जसपाल के पहले कोच थे। जसपाल के दो भाई-बहन हैं सुषमा सिंह और सुभाष राणा; उनके दोनों भाई-बहन भी कुशल शूटर हैं।
