श्रीलंका को हराकर एशियन चैंपियन बनने वाली भारतीय टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के खिलाफ आईसीसी ने कार्रवाई की है। कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन मामले में आईसीसी ने उन पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। गौड़ आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाईं गई हैं जिसके तहत किसी खिलाड़ी का अन्य खिलाड़ी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल या ईशारा करना शामिल है। उन्हें इस अपराध के एवज में एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया है जो पिछले 24 महीने में उनका पहला अपराध है।
पहले ओवर में हुआ इंसीडेंट
श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप फाइनल के पहले ओवर में जब क्रांति गौड़ ने श्रीलंका के सलामी बैटर इमेशा दुलानी (Imesha Dulani) को आउट किया तो उन्होंने पवेलियन की तरफ ईशारा किया। उन्होंने इस मुकाबले में केवल 2 ओवर की गेंदबाजी की थी और 8 रन देकर एक विकेट चटकाया था। गौड़ ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। लेवल-1 के उल्लंघन के मामले में आईसीसी की ओर से फाइन के तौर पर कम से कम आधिकारिक फटकार जबकि अधिकतम खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट दिया जाता है।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- 'कसाई' बन चुके हैं अभिषेक, वैभव को ना खिलाने पर फिसली पाकिस्तानी विकेटकीपर की जुबान
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली और मंधाना के अर्धशतकीय पारी के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन का स्कोर खड़ा किया था। शेफाली ने 69 और स्मृति मंधाना ने 59 रन की पारी खेली। 184 रन के जवाब में श्रीलंका की टीम पूरे 20 ओवर में केवल 111 रन ही बना पाई। भारत ने 72 रन से मुकाबला अपने नाम किया और 8वीं बार एशियन चैंपियन बनी। एशिया कप के 9वें एडिशन में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराया था, इस तरह भारतीय टीम ने अपना बदला भी पूरा कर लिया।
