देश

LAC पर चीन ने घटाई सैनिकों की तैनाती,रक्षा मंत्रालय की नई रिपोर्ट में खुलासा;भारत की भी तैयारी मजबूत

हाल के महीनों में दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। बीते शनिवार को नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने मुलाकात की थी।

Image

LAC पर चीन ने घटाई सैनिकों की तैनाती।

चीन ने साल 2025 में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास अपने सैनिकों की तैनाती में कमी की है। रक्षा मंत्रालय की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। इसमें कहा गया है कि उत्तरी सीमाओं के सामने चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA)की तैनाती में ठीक-ठाक कमी देखी गई।

रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि 2025 में LAC से लगे इलाकों और पारंपरिक प्रशिक्षण क्षेत्रों में 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के आकार की चीनी सैन्य टुकड़ियां तैनात रहीं। वहीं, रिपोर्ट में कहा गया है कि LAC के सभी सेक्टरों में भारतीय सेना की तैनाती मजबूत है और वह किसी भी उभरती चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

गलवान के बाद बिगड़े थे भारत-चीन के रिश्ते

भारत और चीन के रिश्तों में जून 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद भारी तनाव पैदा हो गया था। पूर्वी लद्दाख में लंबे समय तक दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने रहीं। चार साल से अधिक समय तक तनावपूर्ण रहे संबंधों में 2024 के अंत से धीरे-धीरे सुधार शुरू हुआ। फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अक्टूबर 2024 में रूस के कजान में हुई मुलाकात के बाद दोनों देशों ने रिश्तों को सामान्य बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए।

इसके बाद पिछले साल 31 अगस्त को चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन के दौरान भी मोदी और शी की व्यापक बातचीत हुई।

सीमा पर शांति को मोदी ने बताया रिश्तों का आधार

हाल के महीनों में दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। बीते शनिवार को नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने मुलाकात की थी। इस दौरान उनके बीच द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने को लेकर वार्ता हुई। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि सीमा पर शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों के विकास के लिए जरूरी आधार बनी हुई है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हो रही लगातार प्रगति का भी स्वागत किया।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article