क्रिकेट

पाकिस्तान क्रिकेट की सर्जरी जारी, पीसीबी में बड़े बदलाव की तैयारी में मोहसिन नकवी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बड़े फैसले लेने के मूड में है। इस क्रम में आकिब जावेद की कुर्सी भी जा सकती है। मेंस टीम के हेड कोच सरफराज अहमद और उमर गुल की छुट्टी पहले ही कर दी गई है।

Image

मोहसिन नकवी (साभार-X)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में बड़े फेरबदल की तैयारी है और अध्यक्ष मोहसिन नकवी आगामी दिनों में कुछ कड़े फैसले ले सकते हैं जिसमें राष्ट्रीय चयन समिति में बदलाव और पूर्व टेस्ट क्रिकेटर आकिब जावेद को वरिष्ठ चयनकर्ता के पद से हटाना शामिल है। पाकिस्तान के एक अन्य पूर्व टेस्ट खिलाड़ी वहाब रियाज को भी एशियाई खेलों के बाद कोचिंग स्टाफ के साथ राष्ट्रीय महिला टीम के मेंटोर पद से हटाए जाने की संभावना है। वह पिछले साल से इस भूमिका में हैं।

एक सूत्र ने कहा, ’’मोहसिन नकवी को भी अब अहसास हो गया है कि हार का सिलसिला और पाकिस्तान क्रिकेट में अचानक होने वाली घटनाओं को खत्म करने के लिए कुछ बड़े कदम उठाने की जरूरत है इसलिए ये बदलाव अब संभावित हैं।’’

आकिब को पिछले दो वर्षों में पीसीबी द्वारा लिए गए कई अहम क्रिकेट फैसलों के पीछे प्रमुख व्यक्ति माना जाता रहा है। इनमें दूसरे टेस्ट के बाद इंग्लैंड दौरे के दौरान पाकिस्तान टीम और कोचिंग स्टाफ में व्यापक बदलाव का विवादास्पद फैसला भी शामिल है। पाकिस्तान के इस पूर्व टेस्ट गेंदबाज को हाल के समय में पाकिस्तान क्रिकेट में मची उथल-पुथल के लिए भी व्यापक रूप से जिम्मेदार ठहराया गया है।

इस दौरान कोचिंग स्टाफ और कप्तानी में लगातार बदलाव हुए हैं। सूत्र ने कहा कि चयन और क्रिकेट से जुड़े अन्य मामलों में बदलाव करने का पीसीबी का फैसला सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच माइक हेसन के इस संकेत से भी प्रभावित हुआ कि वह टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री की भी भूमिका निभा रहे नकवी रविवार रात महिला एशिया कप फाइनल के लिए दुबई में थे। इस दौरान एक और विवाद खड़ा हो गया जब भारतीय टीम ने उनसे विजेता ट्रॉफी नहीं ली। यह 2025 पुरुष एशिया कप के दुबई में खेले गए फाइनल के विवाद की पुनरावृत्ति थी जब भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article