Rajasthan Local Body Election 2026: राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। अब तक घोषित 10,210 वार्डों के नतीजों में बीजेपी ने 4,171 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस के खाते में 3,597 वार्ड आए हैं।
बीजेपी की इस जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी और इसे उनकी मेहनत की जीत बताया। अमित शाह ने राजस्थानी भाषा में सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा, “घणी-घणी बधाइयां राजस्थान।”
उन्होंने कहा कि राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के सुशासन और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। शाह ने इस जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती को भी दिया।
अमित शाह ने कहा, 'कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार से प्रदेश को मुक्त कर बीजेपी सरकार हर क्षेत्र में विकास को नई गति दे रही है। प्रदेशवासियों का यह आशीर्वाद राजस्थान को विकसित बनाने के संकल्प को और मजबूत करेगा।' उन्होंने कहा कि इस जीत के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पार्टी अध्यक्ष मदन राठोड़ और राजस्थान बीजेपी के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।
प्रदेश ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य के साथ निरंतर आगे बढ़ेगा: राजनाथ सिंह
वहीं,राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में बीजेपी को मिले प्रबल जनसमर्थन से यह एक बार फिर सिद्ध हो गया है कि विकास और सुशासन का दूसरा नाम है, भारतीय जनता पार्टी। राजस्थान नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, सुशासन, जनकल्याण और पारदर्शी प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास की सशक्त अभिव्यक्ति है। राजस्थान की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है, यह प्रदेश ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य के साथ निरंतर आगे बढ़ेगा। राजस्थान की जनता को इस विजय के लिए आभार और पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई।'
वहीं, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, 'आभार राजस्थान. नगर निकाय चुनावों में बीजेपी की प्रचंड विजय पर जनता-जनार्दन का सहृदय धन्यवाद। प्रदेश की जनता ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उनका अटूट विश्वास आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर है। भ्रम फैलाने वालों और नाराज फूफाओं को दरकिनार कर राजस्थान ने जनकल्याण की नीतियों, विकास और सुशासन पर अपनी मुहर लगा दी है. इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठोड़ और दिन-रात मेहनत करने वाले भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वह कांग्रेस के "झूठ की गूंज" और उसके प्रचार के बावजूद "शानदार जीत" की ओर बढ़ रही है। भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कोटा में पार्टी के प्रदर्शन का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी का छात्र-केंद्रित कार्यक्रम ’छात्रों की गूंज’ आयोजित किया था।
चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस पर बनाई बढ़त
गौरतलब है कि प्रमुख नगर निगमों के नतीजों में अलग-अलग तस्वीर सामने आई। भाजपा ने 80 सदस्यीय उदयपुर नगर निगम में 53 पर, 70 सदस्यीय भीलवाड़ा नगर निगम में 45 पर और 100 सदस्यीय कोटा नगर निगम में 53 वार्ड में जीत दर्ज स्पष्ट बढ़त हासिल की।
कांग्रेस ने बीकानेर में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि अजमेर और पाली में भी वह भाजपा से आगे रही। जयपुर और अलवर में भाजपा ने बढ़त बनाई। जोधपुर में दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला रहा और भाजपा तथा कांग्रेस ने 44-44 वार्ड जीते, जबकि 10 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीय उम्मीदवारों ने बेहतर प्रदर्शन किया। भारतपुर नगर निकाय के कुल 65 वार्ड में से निर्दलीयों ने 36 में जीत या बढ़त हासिल की, जबकि भाजपा 20 और कांग्रेस सात वार्ड पर विजयी या आगे है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक-एक वार्ड में जीत दर्ज की। अजमेर के 80 वार्ड में से कांग्रेस 37 पर, भाजपा 32 पर और निर्दलीयों 11 पर विजयी रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह शहर पाली नगर निकाय के कुल 65 वार्ड में कांग्रेस ने 29 पर, भाजपा ने 21 पर जीत दर्ज की जबकि 15 वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए।
राज्यस्तर पर भी निर्दलीय उम्मीदवारों ने बेहतर प्रदर्शन किया है और कुल 2,272 वार्ड में जीत दर्ज की है। इससे कई शहरी निकायों में वे निर्णायक भूमिका में आ सकते हैं।
राज्य में कुल 10,244 वार्ड में मतगणना हुई, जिनमें से शाम 5:45 बजे तक 10,210 के परिणाम घोषित किए जा चुके थे। भाजपा ने 4,171, कांग्रेस ने 3,597, निर्दलीयों ने 2,272, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने 63, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ( माकपा) ने 38, बसपा ने 19, आम आदमी पार्टी (आप) ने 42 और भारत आदिवासी पार्टी ने आठ वार्ड जीते हैं।
इन चुनावों को 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार और विपक्षी कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। कुल 309 शहरी निकायों के चुनाव दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को हुए थे। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। कुल 10,245 पार्षदों का चुनाव होना है और 1.44 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र थे।
