स्पोर्ट्स

EXCLUSIVE: 'अब ओलंपिक मेडल पर नर', एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद बिच्छू देवी ने बताया हॉकी टीम का अगला मिशन

महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद बिच्छू देवी (Bichu Devi) ने टाइम्स नाउ से बात करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। साथ ही टीम के जश्न से लेकर भविष्य की रणनीतियों पर बात की।

Image

भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता गोल्ड। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियाई खेलों (Asian Games) में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल (Gold Medal) अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम की खिलाड़ी बिच्छू देवी (Bichu Devi) ने टाइम्स नाउ से बात करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। साथ ही टीम के जश्न से लेकर भविष्य की रणनीतियों पर बात की।

रात भर जश्न और मेहनत की यादें

जीत के बाद अपनी योजनाओं के बारे में बात करते हुए बिच्छू ने बताया कि काफी समय से घर न जा पाने के कारण वह सबसे पहले अपने परिवार के साथ समय बिताएंगी। टीम के जश्न के बारे में उन्होंने कहा, हमने तय किया है कि आज रात हम सोएंगे नहीं और पूरा समय एंजॉय करेंगे। हमने इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए जो कड़ी मेहनत की, आपस में बातें और मीटिंग्स कीं, उन पलों को बैठकर दोबारा याद करेंगे।

ओलंपिक क्वालिफिकेशन का तनाव खत्म, ट्रेनिंग पर फोकस

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के साथ ही टीम के लिए लॉस एंजिल्स (LA) ओलंपिक्स की क्वालिफिकेशन का तनाव समाप्त हो चुका है। बिच्छू ने बताया कि अब पूरा ध्यान अपनी ट्रेनिंग और मैच दर मैच सुधार करने पर रहेगा। उन्होंने आगामी टूर्नामेंट्स की जानकारी देते हुए बताया कि एक छोटे ब्रेक के बाद टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी और फिर जनवरी-फरवरी में प्रो लीग में हिस्सा लेगी।

मां और देशवासियों को समर्पित किया मेडल

बिच्छू ने अपने इस मेडल को सबसे पहले अपनी मां, पूरे परिवार, अपनी टीम और देश की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा, सबसे पहले तो अपनी फैमिली के साथ थोड़ा टाइम स्पेंड करूंगी। फोन पर भी और घर जाने के बाद भी, क्योंकि हम काफी टाइम से घर नहीं गए हैं। तो पहले तो फैमिली के साथ होना बहुत जरूरी है। इसके अलावा बिच्छू ने कहा कि इस स्वर्ण पदक से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और अब ओलंपिक्स में भारत के लिए और भी मेडल जीतने की भूख बढ़ गई है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article