स्पोर्ट्स

15 पूर्व खिलाड़ियों ने खेलमंत्री को लिखा लेटर, AIFF अध्यक्ष को हटाने की मांग

पूर्व खिलाड़ियों ने कहा कि अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) देश में खेल के विकास को ही बाधा नहीं पहुंचा रहा, बल्कि देश की नकारात्मक छवि भी पेश कर रहा है। पत्र में लिखा, हम पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ियों के तौर पर आपको लिख रहे हैं और कल्याण चौबे की अध्यक्षता वाले एआईएफएफ की छत्रछाया में भारतीय फुटबॉल की मौजूदा दुर्दशा के बारे में आपको बताना चाहते हैं। एआईएफएफ के चुनाव 20 दिसंबर को होने हैं।

Image

पूर्व खिलाड़ियों ने खेल मंत्रालय को लिखा पत्र। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। महान स्ट्राइकर बाईचुंग भूटिया समेत भारत के 15 पूर्व फुटबॉल खिलाड़ियों ने खेलमंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखा। इसमें सभी ने राष्ट्रीय महासंघ का अध्यक्ष तुरंत बदलने की मांग की। पूर्व खिलाड़ियों ने कहा कि मौजूदा समय में भारतीय फुटबॉल की स्थिति चिंताजनक है।

पूर्व खिलाड़ियों ने कहा कि अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) देश में खेल के विकास को ही बाधा नहीं पहुंचा रहा, बल्कि देश की नकारात्मक छवि भी पेश कर रहा है। पत्र में लिखा, हम पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ियों के तौर पर आपको लिख रहे हैं और कल्याण चौबे की अध्यक्षता वाले एआईएफएफ की छत्रछाया में भारतीय फुटबॉल की मौजूदा दुर्दशा के बारे में आपको बताना चाहते हैं। एआईएफएफ के चुनाव 20 दिसंबर को होने हैं।

फुटबॉल की स्थिति चिंताजनक

मंगलवार को भेजे गए पत्र में लिखा है, देश में इस समय फुटबॉल की स्थिति चिंताजनक है और भारत जैसे महान देश में यह अस्वीकार्य है। हम आपसे विनम्र अनुरोध करते हैं कि आप तुरंत हस्तक्षेप करें और महासंघ का नेतृत्व करने के लिए किसी ऐसे व्यक्ति को नामित करें जिसका पिछला रिकॉर्ड बेहतरीन रहा हो वरना मौजूदा हालात में खेल को फिर से पटरी पर लाने में कम से कम कई दशक लग जाएंगे।

इन 15 पूर्व खिलाड़ियों ने किए साइन

इस पत्र पर भूटिया के अलावा दीपक मंडल, अरिंदम भट्टाचार्य, रेनेडी सिंह, अनवर अली, धनचंद्र सिंह, सतीश भारती, अल्विटो डि कुन्हा, मनजीत सिंह, बलवंत सिंह, सहनाज सिंह, करणजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, बलदीप सिंह और हरमनजोत सिंह खाबरा के हस्ताक्षर हैं।

138 पहुंची भारत की फीफा रैंकिंग

पत्र में लिखा है, हमारी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग 95 से गिरकर तीन साल में 138 हो गई ।यह ताजा रैंकिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को खराब करती है, खासकर तब जब हम एक खेलप्रेमी राष्ट्र बनने की आकांक्षा रखते हैं और कुछ ही वर्षों में ओलंपिक की मेजबानी करने की योजना बना रहे हैं।

पूर्व खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि ब्राजील और उरूग्वे के खिलाफ अक्टूबर में हुए दोस्ताना मैच एआईएफएफ का प्रचार का शिगूफा थे। पत्र में कहा गया, महासंघ ने बार बार इस बात की ओर इशारा किया है कि लीग शुरू करने में उन्हें किन आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। फिर भी उन्होंने ब्राजील और उरुग्वे को दो मैत्री मैचों के लिए बुलाने पर बहुत बड़ी रकम खर्च कर दी है, जिससे हमारे फुटबॉल के स्तर में शायद ही कोई सुधार होगा।

इसमें कहा गया, यह कहने की जरूरत नहीं है कि ब्राजील और उरूग्वे के खिलाफ मैच एआईएफएफ का प्रचार का शिगूफा था। लेकिन इससे फायदे की बजाय नुकसान ही हुआ। क्योंकि कोलकाता में मैदान खाली पड़ा था जबकि उसे भारतीय फुटबॉल का मक्का कहा जाता है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article