क्रिकेट

IND vs NZ: भारत के खिलाफ शतक लगाने के बाद निकोल्स ने की बुमराह की तारीफ, फिर बताया कैसे निकाला तोड़

Henry Nicholls On Jasprit Bumrah: वेलिंगटन टेस्ट मैच के पहले दिन भारत के खिलाफ शतकीय पारी खेलकर न्यूजीलैंड को खराब शुरुआत के बाद मुश्किल से बाहर निकालने वाले हेनरी निकोल्स ने 3 विकेट चटकाने वाले जसप्रीत बुमराह की खूब तारीफ की, लेकिन साथ ही बताया कि उनका तोड़ कैसे निकाला।

Image

हेनरी निकोल्स

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट मैच
  • शतकवीर हेनरी निकोल्स ने की बुमराह की तारीफ
  • निकोल्स ने बताया कैसे निकाला बुमराह का तोड़

India vs New Zealand 1st Test: न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स ने बृहस्पतिवार को यहां पहले क्रिकेट टेस्ट के शुरुआती दिन संघर्षपूर्ण शतक जड़ने के बाद कहा कि जसप्रीत बुमराह की गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों को लगातार असमंजस और दबाव में रखा। बुमराह ने अपनी अनूठी गेंदबाजी शैली और गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने की क्षमता से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ली।

निकोल्स ने नाबाद 113 रन बनाकर न्यूजीलैंड को पांच विकेट पर 70 रन की मुश्किल स्थिति से उबारकर पांच विकेट पर 243 रन तक पहुंचाया।

निकोल्स ने कहा, "बुमराह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा रहे थे और बल्लेबाजों पर लगातार काफी दबाव बना रहे थे। यह शानदार चुनौती है।"

बुमराह का कई बार सामना कर चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज निकोल्स का मानना है कि भारतीय गेंदबाज की असामान्य गेंदबाजी शैली से कुछ हद तक परिचित होना मददगार रहा, हालांकि इससे चुनौती कम नहीं हुई। उन्होंने कहा, "उनकी गेंदबाजी का अंदाज निश्चित रूप से अनूठा है। सौभाग्य से मैंने उनका कई बार सामना किया है जिससे आपको थोड़ा फायदा मिलता है। लेकिन वह निश्चित रूप से तीनों प्रारूपों के बेहतरीन गेंदबाज हैं।’’

निकोल्स विशेष रूप से बुमराह की दोनों तरफ गेंद को स्विंग कराने की क्षमता से प्रभावित हैं।

उन्होंने कहा, "आज जिस तरह से उन्होंने गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया, वह अविश्वसनीय गेंदबाजी थी। मुझे यकीन है कि कल सुबह भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा और एक बार फिर कड़ी चुनौती होगी।" भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती पांच विकेट जल्दी झटककर मेजबान टीम को भारी दबाव में डाल दिया था।

निकोल्स ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की गुणवत्ता और उसके सामने टिके रहने की चुनौती को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, "उन्होंने पहले सत्र में निश्चित रूप से शानदार सवाल खड़े किए। हम जिस दबाव में थे उससे यह साफ नजर आ रहा था।" हालांकि निकोल्स को ग्लेन फिलिप्स के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए नाबाद 173 रन की साझेदारी करके न्यूजीलैंड की पारी को संभाला। दिन का खेल समाप्त होने तक फिलिप्स 94 रन बनाकर खेल रहे थे।

निकोल्स ने कहा, "इस साझेदारी और ग्लेन के खेलने के अंदाज ने मेरी जिम्मेदारी काफी आसान कर दी। उनके जवाबी आक्रमण से मेरे लिए बल्लेबाजी करना कुछ आसान हो गया।" उन्होंने आक्रामक शॉट खेलने और विकेटों के बीच तेजी से रन लेने की फिलिप्स की क्षमता की भी सराहना की।

निकोल्स ने कहा, ठवह शानदार खिलाड़ी हैं। उनका जवाबी हमला करने का अंदाज और विकेटों के बीच दौड़ भी बेहतरीन है। मुझे लगता है कि इस मामले में हमारा अच्छा तालमेल है। हम दोनों लगातार सक्रिय रहते हैं। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने कहा कि भारत जैसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ अच्छी गेंदों का सम्मान करना और साथ ही रन बनाने के अवसरों के प्रति सतर्क रहना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, "अगर वे अच्छी गेंदें डालते हैं तो हमें उसे स्वीकार करना होगा। हमें उन चीजों पर नियंत्रण रखना होगा जो हमारे हाथ में हैं और फिर रन बनाने के मौके तलाशने होंगे।" न्यूजीलैंड के मुश्किल स्थिति से उबरने के बाद निकोल्स ने कहा कि अब प्राथमिकता साझेदारी को आगे बढ़ाने और पहली पारी में अधिक से अधिक रन जोड़ने की होगी।

उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो हम जितने अधिक रन बना सकते हैं उतना अच्छा होगा। यह अच्छा है कि ग्लेन और मैं नाबाद लौटे हैं। अब हमें फिर से कड़ी मेहनत जारी रखनी होगी।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article