देश

बुलडोजर हादसे का शिकार हुए बच्चे के परिवार से मिले CM योगी, 5 लाख रुपये के मुआवजे का किया ऐलान

Gorakhpur Bulldozer Accident: सीएम योगी से मुलाकात के बाद मृतक बच्चे के पिता ओमकार सिंह ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने दुख और संवेदना व्यक्त की। पिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

Image

सीएम योगी (फोटो साभार- ANI)

Gorakhpur Bulldozer Accident: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रैली के दौरान बुलडोजर की चपेट में आकर जान गंवाने वाले बच्चे के परिवार से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ बीजेपी सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

CM योगी ने की बच्चे के परिवार से मुलाकात

सीएम योगी से मुलाकात के बाद मृतक बच्चे के पिता ओमकार सिंह ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने दुख और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीएम ने अधिकारियों को सख्त शब्दों में निर्देश दिया है कि आज रात तक जरूरी कार्रवाई होनी चाहिए। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। जो भी इस घटना में शामिल था, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। पिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

पिता ने साधा सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना

ओमकार सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की मानसिकता विकृत है। वह हमेशा अनाप-शनाप बोलते हैं। पहले भी उनका परिवार लाशों पर राजनीति करता रहा है, वही काम वह अब भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर रैली को संबोधित करना था तो यात्रा व्यवस्थित तरीके से निकलनी चाहिए थी। विभाग से जो अनुमति ली गई थी, वह जेसीबी के तांडव के लिए नहीं थी।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- CM योगी ने गोरखपुर रैली में ओवैसी पर बोला हमला

CM योगी ने सपा पर बोला तीखा हमला

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कल सपा से जुड़े गुंडों ने एक मासूम बच्चे को बेरहमी से कुचलकर मार डाला। मैं पीड़ित परिवार से मिलने आया हूं। यह बच्चा गोरखपुर के ऐतिहासिक चौरी-चौरा कांड से जुड़े एक बड़े क्रांतिकारी का वंशज था। स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के साथ ऐसी क्रूरता माफ करने लायक नहीं है। सीएम योगी ने कहा कि सपा का इतिहास हमेशा से ही गुंडागर्दी और अराजकता का रहा है। सड़कें चलने के लिए होती हैं, अराजकता फैलाने के लिए नहीं। पीड़ित बच्चा एक मासूम स्कूली छात्र था, जो स्कूल से घर लौट रहा था। उसे पहले जेसीबी से टक्कर मारी गई, फिर जानबूझकर उसके ऊपर से वाहन चला दिया गया ताकि उसकी मौत पक्की हो जाए।

CM योगी ने कहा कि सपा नेताओं और उनके गुंडों की यह हरकत बेहद शर्मनाक है। उत्तर प्रदेश में ऐसी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि कानून के दायरे में रहकर हर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने आया हूं। एक-एक गुंडे के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article