क्रिकेट

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हुए टेम्बा बावुमा, एडेन मार्करम करेंगे कप्तानी

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा पिंडली की चोट के कारण 23 नवंबर से सेंचुरियन में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह एडेन मार्करम दूसरे मैच में कप्तानी करेंगे। पहला टेस्ट मैच जीतकर बावुमा ने इतिहास रचा है।

Image

बावुमा हुए चोटिल। फोटो- AP

स्पोर्टस डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच एक बड़ा झटका लगा है। कप्तान टेम्बा बावुमा पिंडली में खिंचाव के कारण 23 नवंबर से सेंचुरियन में शुरू होने वाले दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। जोहान्सबर्ग में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय बावुमा को चोट लगी थी।

36 वर्षीय बावुमा को जोहान्सबर्ग में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले के दौरान यह चोट लगी थी। अब उन्हें पूरी तरह उबरने में कम से कम दो हफ्ते का समय लगेगा। बावुमा की गैरमौजूदगी में अब एडेन मार्करम टीम की कमान संभालेंगे। पहले टेस्ट मैच में मिली 9 विकेट से जीत के बाद बावुमा ने खुद अपनी चोट पर अपडेट दिया। अब उनके बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले आगामी वनडे सीरीज से भी बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।

बावुमा ने खुद दिया अपडेट

पहले टेस्ट में मिली शानदार जीत के बाद बावुमा ने अपनी चोट को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने फैंस को आश्वस्त किया कि यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। टेम्बा बावुमा ने कहा, 'स्थिति और बेहतर हो सकती थी। इसलिए मुझे अगले कुछ हफ्तों तक इसे मैनेज करना होगा। लेकिन हां, सब कुछ ठीक है।'

9 विकेट से जीता पहला टेस्ट

पहले टेस्ट मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने जोहान्सबर्ग में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया है। मेहमान टीम ने पहली पारी में 400 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 557 रन बनाए और पहली पारी में 157 रनों की विशाल बढ़त हासिल की। बांग्लादेश की दूसरी पारी 168 रन पर सिमट गई और साउथ अफ्रीका को 12 रन का लक्ष्य मिला। जिसे 1.3 ओवर में एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article