स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। चीन के हांग्जो में ISSF वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन इवेंट में भारत की पिस्टल स्टार शूटर ईशा सिंह और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। दोनों ने महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल इवेंट में यह उपलब्धि हासिल की।
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) की प्रेस रिलीज़ के अनुसार, ईशा ने फ़ाइनल में ज़बरदस्त प्रदर्शन करते हुए 40 हिट के साथ गोल्ड मेडल पक्का किया, जबकि पेरिस 2024 में दो ओलंपिक मेडल जीतने वाली मनु भाकर ने कड़े मुकाबले में एक अहम शूट-ऑफ जीता और 28 हिट के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
क्वालिफाइंग स्टैंडिंग में मनु ने किया टॉप
भारतीय टीम ने क्वालिफिकेशन राउंड में ही अपना दबदबा बना लिया था। मनु भाकर 586-20x के शानदार स्कोर के साथ क्वालिफाइंग स्टैंडिंग में टॉप पर रहीं। जबकि ईशा सिंह 585-18x के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और आसानी से आठ-शूटर फाइनल में जगह बनाई। एशियाई खेलों की पूर्व गोल्ड मेडलिस्ट राही सरनोबत ने 582-16x का स्कोर किया, जबकि सिमरनप्रीत कौर बरार (576-20x) और अभिदन्या अशोक पाटिल (573-16x) ने रैंकिंग पॉइंट्स ओनली (RPO) स्टेटस के तहत खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन किया।
दबाव से उबर कर किया अच्छा प्रदर्शन
इस सीजन की शुरुआत में म्यूनिख में वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड-तोड़ गोल्ड मेडल जीतने के बाद मानसिक दबाव से उबरने के बारे में बात करते हुए ईशा सिंह ने कहा, 'यह मैच मेरे लिए बहुत दबाव वाला था, क्योंकि मैंने पहले मेडल जीता था। आप अपने इवेंट में जितना बेहतर करते हैं, आपको उतना ही ज्यादा दबाव महसूस होता है, जिसे आपको पार करना होता है। मुझे खुशी है कि मैं आज इससे उबर पाई और शुक्रगुजार हूं कि मुझमें इसे सहने की क्षमता थी।
बड़े इवेंट्स की तैयारी में मनु
मैच के बाद अपने प्रदर्शन और आने वाले सीजन के लिए मोमेंटम बनाने के बारे में बात करते हुए मनु भाकर ने कहा, 'यह मेडल बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक सीढ़ी की तरह काम करता है। इससे मुझे यह साफ समझ आता है कि क्या काम कर रहा है और मुझे किस दिशा में आगे बढ़ना है। हालांकि मेडल से मेरा कॉन्फिडेंस जरूर बढ़ता है, लेकिन इस कॉम्पिटिटिव मैच से मिला अनुभव और भी ज्यादा काम आएगा, क्योंकि हम वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स जैसे बड़े इवेंट्स की तैयारी कर रहे हैं।'
म्यूनिख में रचा था इतिहास
यह गोल्ड मेडल हैदराबाद की 21 साल की ईशा सिंह के करियर में एक और बड़ी उपलब्धि है। इस सीजन की शुरुआत में म्यूनिख में हुए ISSF वर्ल्ड कप में ईशा ने फाइनल में 43 हिट्स के साथ सीनियर और जूनियर दोनों वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा था। पेरिस 2024 ओलंपियन और अर्जुन अवॉर्ड विजेता ईशा दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में अपनी जगह बना रही हैं।
