शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनने के सात दिन बाद जिंबाब्वे के खिलाफ लो स्कोरिंग मुकाबले में 13 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिंबाब्वे क्रिकेट टीम ने टीम इंडिया की विश्व विजय की खुशियों को ज्यादा दिन नहीं रहने दिया।
जिंबाब्वे ने दिया था 115 रन का लक्ष्य
मैच में टॉस जीतकर टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए मेजबान टीम को 20 ओवर में 9 विकेट पर 115 रन पर रोक दिया। इसके बाद जीत के लिए 116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया का हाल बेहाल हो गया।
102 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया
4.4 ओवर में टीम इंडिया ने महज 22 रन पर 4 विकेट(अभिषेक शर्मा, रुतुराज गायकवाड़, रियान पराग और रिंकू सिंह) गंवा दिए थे। एक छोर थामकर कप्तान शुभमन गिल खड़े थे लेकिन विकेटों की झड़ी में वो भी 47 के स्कोर पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अंतिम ओवर तक वॉशिंगटन सुंदर टीम इंडिया को जीत की दहलीज पार कराने की कोशिश करते रहे लेकिन वो नाकाम रहे और टीम इंडिया 19.5 ओवर में 102 रन बनाकर ढेर हो गई।
भारत के खिलाफ बचाया सबसे छोटा स्कोर
जिंबाब्वे ने 116 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए 13 रन के अंतर से टीम इंडिया के खिलाफ जीत दर्ज करके इतिहास रच दिचा है। जिंबाब्वे भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20में सबसे छोटा स्कोर बचाने वाली टीम बन गई है। जिंबाब्वे की जीत की कहानी चेंजई चेतारा और कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी गेंदबाजी से रची। चितारा ने 16 रन देकर 3 और सिकंदर रजा ने 25 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
