क्रिकेट

IND W vs ZIM W 2nd T20I Highlights: जिंबाब्वे को दूसरे टी20 में टीम इंडिया ने रौंदा, 2-0 से किया सीरीज पर कब्जा

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिंबाब्वे को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 9 विकेट के अंतर से मात देकर सीरीज पर 2-0 के अंतर से कब्जा कर लिया है।

Image

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

रायपुर: स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को रायपुर में खेले गए तीन मैच की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 9 विकेट अंतर से मात देकर सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया है। जिंबाब्वे ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए मिले 103 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर शेफाली वर्मा की 55(25) रन की अर्धशतकीय और स्मृति मंधाना की 47(25) रन की कप्तानी पारी की बदौलत हासिल कर लिया। अनुष्का शर्मा 1(4) रन बनाकर नाबाद रहीं। जिंबाब्वे के लिए एकमात्र विकेट बिजा ने लिया। शेफाली को उनकी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मंधाना -शेफाली की जोड़ी ने लिखी जीत की इबारत

जीत के लिए 103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शुरुआत की। दोनों ने जिंबाब्वे को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने तेजी से टीम को 4.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। शेफाली ने 24 गेंद में 6 चौरे और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। 55 रन बनाकर वो बिल्वड बीजा की गेंद पर कैच दे बैठीं। उन्होंने 55 रन पर बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद मंधाना ने अनुष्का के साथ मिलकर भारतीय टीम को 9 विकेट से जीत दिला दी और अपनी कप्तानी में भारत को सीरीज भी जिता दी।

खराब रही जिंबाब्वे की शुरुआत

मैच में जिंबाब्वे की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनके इस फैसले को भारतीय गेंदबाजी ने गलत साबित कर दिया। भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए जिंबाब्वे पर दबाव बनाया। चौथे ओवर में नंदिनी शर्मा ने केलिस नधलोवु को बोल्ड कर दिया जिससे अफ्रीकी टीम की शुरुआत खराब रही वो अपना खाता भी नहीं खोल पाईं। जिम्बाब्वे पावरप्ले में एक विकेट गंवाकर केवल 20 रन बना सकी। इस दौरान टीम ने सिर्फ एक चौका लगाया जो पावरप्ले की आखिरी गेंद पर आया। फिर बिलव्ड बिजा भी आउट हो गईं।

जोसफिने और चिपो टिरिपानो ने की संभालने की कोशिश

इसके बाद कप्तान जोसफिने और चिपो टिरिपानो ने चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। इस दौरा चिपो टिरिपानो को 20 और 22 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला। उन्होंने भारत की प्रमुख बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी के खिलाफ लगातार दो रिवर्स स्वीप चौके भी लगाए। इस साझेदारी के दौरान जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों ने सात चौके लगाए और सातवें से 15वें ओवर के बीच 56 रन जोड़े। हालांकि ऑफ स्पिनर निकी ने चिपो टिरिपानो को ऋचा घोष के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। निकी ने नयाशा ग्वानजुरा को पगबाधा आउट किया। वह हैट्रिक की कोशिश में थीं, लेकिन यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सकीं। हालांकि, तब तक भारत मैच पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर चुका था।

टिरिपानो रहीं जिंबाब्वे की सबस सफल बैटर

जिम्बाब्वे के लिए चिपो टिरिपानो 34 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। कप्तान जोसफिने एनकोमो ने नाबाद 27 रन का योगदान दिया। बाकी की खिलाड़ी दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सकीं। भारत के लिए निकी प्रसाद ने सात रन देकर दो जबकि क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने एक एक विकेट झटका।

(डेवलपिंग स्टोरी)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article