Manipur Polls: मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम ने रविवार को कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है, तो वह अगले साल होने वाला राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब वह यौन उत्पीड़न के एक आरोप का सामना कर रहे हैं और उन्हें जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर पद से बर्खास्त कर दिया गया है।
'कीशमथोंग से चुनाव लड़ने को तैयार'
अंगोमचा ने इंफाल में एक कार्यक्रम में कहा, ''मैं (इंफाल पश्चिम जिले के) कीशमथोंग से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं। अगर पार्टी मुझे टिकट देती है, तो मैं कीशमथोंग विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ूंगा। यह फैसला राज्य के भविष्य के लिए है।'' मणिपुर विधानसभा चुनाव अगले साल होने वाले हैं। अंगोमचा हाल ही में नई दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में कथित यौन उत्पीड़न के मामले में जांचकर्ताओं के सामने पेश हुए थे।
अकोइजम ने आरोपों से किया इनकार
जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर 11 अक्टूबर को उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जेएनयू के 'स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज' के तहत ''सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स'' के प्रोफेसर अकोइजम को, उन पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद नौ अक्टूबर को बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'चिंता न करें, न्याय होगा', यौन उत्पीड़न मामले में पुलिस के सामने पेश हुए कांग्रेस सांसद अकोइजम
खबरों के अनुसार, मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि प्रोफेसर छात्राओं को बैठक या किसी कार्यक्रम के बहाने विश्वविद्यालय परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उन्हें परेशान करने की कोशिश करते थे। 'इनर मणिपुर' से कांग्रेस सांसद ने विश्वविद्यालय की इस कार्रवाई को ''जानबूझकर निशाना बनाने'' की घटना करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जांच समिति के निष्कर्षों पर अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया गया।
