दुनिया

पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा आतंकी मुहम्मद सरवर की मौत, नमाज के लिए जाते समय सीढ़ियों से गिरा

US-Designated Global Terrorist Dies: पाकिस्तान के लाहौर में रविवार को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मुहम्मद सरवर उर्फ अबू हाशिम की मौत हो गई।

Image

लश्कर-ए-तैयबा आतंकी मुहम्मद सरवर की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

US-Designated Global Terrorist Dies: पाकिस्तान के लाहौर में रविवार को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकवादी मुहम्मद सरवर उर्फ अबू हाशिम की मौत हो गई। अबू हाशिम को अमेरिकी वित्त विभाग ने 2016 में वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अबू हाशिम मस्जिद में नमाज अदा करने जा रहा था, तभी वह गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, अबू हाशिम की सीढ़ियों से गिरने की वजह से सिर में चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।

अबू हाशिम पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) की पंजाब इकाई का अध्यक्ष था। इस संगठन को मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के जमात-उद-दावा का राजनीतिक संगठन माना जाता है। पीएमएमएल, मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के जमात-उद-दावा की एक शाखा है।

2016 में US ने घोषित किया था वैश्विक आतंकवादी

अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने वर्ष 2016 में मुहम्मद सरवर और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक अन्य वरिष्ठ नेता शाहिद महमूद को विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी (SDGT) घोषित किया था। ओएफएसी के मुताबिक, सरवर एक दशक से अधिक समय तक लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा रहा और विभिन्न नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई थी।

    बकौल रिपोर्ट, सरवर का लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ाव 2000 के दशक की शुरुआत से था। वह एक दशक से अधिक समय तक लाहौर में संगठन का वरिष्ठ पदाधिकारी रहा और कम से कम जनवरी 2015 से लाहौर प्रमुख के तौर पर काम कर रहा था।

    अमेरिकी एजेंसी ने बताया था कि 2008 में सरवर ने कारोबारियों के प्रतिनिधिमंडलों को लश्कर की सुविधाओं का दौरा कराया था, ताकि संगठन के लिए चंदा जुटाया जा सके। वर्ष 2009 के मध्य तक वह लाहौर में संगठन की वित्तीय शाखा का नेतृत्व करने वाले दो अधिकारियों में शामिल था।

    Anurag Gupta
    अनुराग गुप्ताauthor

    अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article