देश

मणिपुर हिंसा: पिछले 24 घंटे में 28 घरों में लगाई गई आग, घर छोड़कर लोगों को जंगल में लेनी पड़ी शरण

Manipur Violence: म्यांमार सीमा के पास पिलोंग और स्किप गांवों में रविवार को अज्ञात उपद्रवियों ने नगा समुदाय के कम से कम 13 खाली घरों में आग लगा दी। पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि घटना को लेकर जरूरी सुरक्षा कदम उठाए गए हैं।

Image

मणिपुर हिंसा प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Manipur Violence: मणिपुर के कामजोंग जिले में बीते 24 घंटों में अलग-अलग हिंसक घटनाओं में कम से कम 28 घरों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध उग्रवादियों ने नगा और कुकी दोनों समुदायों की बस्तियों को निशाना बनाया, जिसके बाद लोगों को घर छोड़कर जंगलों और नजदीक के आर्मी कैंप में शरण लेनी पड़ी। म्यांमार सीमा के पास पिलोंग और स्किप गांवों में रविवार को अज्ञात उपद्रवियों ने नगा समुदाय के कम से कम 13 खाली घरों में आग लगा दी। पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि घटना को लेकर जरूरी सुरक्षा कदम उठाए गए हैं। इससे पहले हुए हमलों के कारण ये घर पहले ही खाली कराए जा चुके थे।

हथियारबंद बदमाशों ने की फायरिंग

एक अन्य घटना में रविवार सुबह उखरुल जिले के लिटन थाना क्षेत्र में NH-202 पर ग्वालताबी और महादेवा के बीच जा रही कार पर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार रात कामजोंग जिले के चासाद गांव में कुकी समुदाय के कम से कम 15 घरों में आग लगा दी गई, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को जंगलों और सैन्य शिविर में शरण लेनी पड़ी। बताया गया कि शनिवार देर रात संदिग्ध उग्रवादियों ने गांव पर हमला कर घरों में आग लगाई। इससे पहले दिन में भी हमले में कुकी समुदाय के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार लोग घायल हुए थे।

हालात को काबू में करने में लगी पुलिस

पुलिस ने कहा कि हालात काबू में करने के लिए प्रभावित इलाकों में असम राइफल्स, बीएसएफ और कामजोंग पुलिस की संयुक्त टीम तैनात की गई है।उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने चासाद हिंसा की निंदा की है। उन्होंने कुकी समुदाय के व्यक्ति की मौत पर दुख जताया और घायल ग्रामीणों व विस्थापित परिवारों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने घरों में आगजनी को अक्षम्य अपराध बताया।किपगेन ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों को 24 घंटे अलर्ट रहने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

एक अन्य घटना में शनिवार रात कामजोंग जिला मुख्यालय में दूसरे समुदाय के हथियारबंद समूहों के हमले में तांगखुल नगा समुदाय के तीन लोग घायल हो गए। गौरतलब है कि फरवरी से तामेंगलोंग, कामजोंग, उखरुल, कांगपोकपी और नोनी जिलों में कुकी-नगा समुदायों के बीच जातीय झड़पों में 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों घर जलाए जा चुके हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article