क्रिकेट

ना केकेआर ना CSK, अश्विन ने बताया आईपीएल 2027 में कहां जाएंगे हार्दिक पांड्या

बीते हफ्ते में हार्दिक पांड्या के टीम छोड़ने की खबर ने सनसनी मचा दी थी। अब अश्विन ने संकेत दिए हैं कि अगर वह मुंबई छोड़ते हैं तो किस आईपीएल टीम का दामन थाम सकते हैं। मुंबई के साथ हार्दिक का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।

Image

हार्दिक पांड्या (साभार-X)

बीते हफ्ते एक खबर ने हार्दिक पांड्या के आईपीएल 2027 में मुंबई से अलग होने की संभावना और बढ़ा दी। एक रिपोर्ट की मानें तो आईपीएल 2027 में रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर सकते हैं। हालांकि, इस खबर में कितनी सच्चाई है, ये वक्त ही बताएगा, लेकिन इसने चर्चा तो शुरू करा ही दी है कि अगर वह मुंबई का साथ छोड़ते हैं तो किस टीम में जा सकते हैं? आर अश्विन ने पांड्या के अगले ठिकाने के बारे में संकेत देते हुए कहा है कि वह राजस्थान रॉयल्स (आरआर) में जा सकते हैं। अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का नाम लिया, लेकिन आरआर को प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रखा। पांड्या ने इन दोनों फ्रेंचाइजी में से किसी के लिए भी कभी नहीं खेला है।

पूर्व भारतीय स्पिनर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि धोनी व्यक्तिगत रूप से हार्दिक पांड्या को सीएसके में आने के लिए मनाएंगे। यह सीएसके के लिए एक शानदार उपलब्धि होगी। लेकिन मेरी राय में, इसकी संभावना बहुत कम है। मैंने जो सुना है, उसके अनुसार हार्दिक को खरीदने की दौड़ में राजस्थान रॉयल्स सबसे आगे है।" पांड्या इससे पहले सीएसके नए हेड कोच जहीर खान के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के वर्तमान मुख्य कोच कुमार संगकारा के साथ कभी काम नहीं किया है। दोनों टीमों को पांड्या जैसे एक गुणवत्तापूर्ण ऑलराउंडर की जरूरत है, जो अपने पूरे चार ओवर गेंदबाजी कर सके।

मुंबई में हार्दिक की वापसी फीकी

गुजरात टाइटंस के साथ शानदार दो सीजन खेलने के बाद हार्दिक 2024 से पहले मुंबई इंडियंस से जुड़ गए थे। उन्होंने आईपीएल 2022 में जीटी को आईपीएल चैंपियन बनाया और 2023 के फाइनल तक पहुंचाया, जहां वे सीएसके से हार गए।

पांड्या ने वापसी के बाद रोहित शर्मा की जगह MI की कप्तानी संभाली, जिस पर प्रशंसकों ने जमकर नाराजगी जताई। जब MI ने रोहित को कप्तानी से हटाया, तब रोहित भारत के सभी फॉर्मेट के कप्तान थे। पांड्या की कप्तानी वाली MI IPL 2024 में 14 मैचों में सिर्फ चार जीत हासिल करके प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर फिनिश किया।

IPL 2025 में दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स से हारने के बाद टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। पांच बार की IPL चैंपियन MI ने IPL 2026 में नौवें स्थान पर फिनिश किया था। अगर पांड्या के मुंबई छोड़ने की खबर सच साबित होती है तो T20I टीम के मौजूदा उप-कप्तान तिलक वर्मा, MI के कप्तान के रूप में उन्हें रिप्लेस कर सकते हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article