क्रिकेट

पुजारा के रिटायरमेंट पर युवराज सिंह सहित इन दिग्गजों ने दी प्रतिक्रिया

Cheteshwar Pujara Retirement: चेतेश्वर पुजारा के रिटायरमेंट पर गौतम गंभीर समेत कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। अनिल कुंबले से लेकर युवराज सिंह, सबने उनके धैर्य की तारीफ की और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की।

Image

चेतेश्वर पुजारा (साभार-x Yuvraj Singh)

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए रविवार का दिन उस वक्त बुरी खबर लेकर आया है, जब टेस्ट फॉर्मेट के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। उनके रिटायरमेंट पर कोच गौतम गंभीर सहित कई भारतीय दिग्गजों ने प्रतिक्रिया दी। सभी ने उनकी धैर्य, दृढ़ संकल्प और निस्वार्थ भाव से खेलने के लिए जमकर सराहना की। पुजारा ने भारत की तरफ से 103 टेस्ट मैच खेले और 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए।

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक्स पर लिखा, ‘‘जब तूफान आया तो वह डटे रहे, जब उम्मीदें धूमिल हो रही थीं तब उन्होंने अपना जुझारूपन दिखाया। पुज्जी को बधाई।’’ पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने राष्ट्रीय टीम के प्रति पुजारा की प्रतिबद्धता की सराहना की। युवराज ने लिखा, ‘‘ऐसा व्यक्ति जिसने हमेशा अपना मन, शरीर और आत्मा देश के लिए लगा दी। शानदार करियर के लिए बहुत-बहुत बधाई पूजी। फिर मिलेंगे।’’

भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा, ‘‘उनका साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प स्पष्ट दिखाई दिया और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट में उन्हें जो चोटें लगीं, वे मेरे लिए पुजारा के उस क्रिकेटर का प्रतीक हैं जो अपने देश के लिए अपना सब कुछ झोंक देता है। शाबाश और आपको दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।’’

पुजारा के करियर के दौरान भारत के कोच रहे अनिल कुंबले ने कहा, ‘‘शानदार करियर के लिए बधाई! आप इस अद्भुत खेल के एक महान दूत रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर आपकी सभी उपलब्धियों पर हम सभी को गर्व है।‘‘ कुंबले ने लिखा, ‘‘आपने टीम के लिए अपना सबकुछ झोंक दिया। आपके साथ काम करना सौभाग्य की बात थी और आप अपनी दूसरी पारी में भी इसी तरह चमकते रहें। आपको, पूजा, अदिति और आपके पिताजी को शुभकामनाएं। शाबाश।’’

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा, ‘‘शानदार टेस्ट करियर के लिए बधाई चेतेश्वर। आपका धैर्य, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत प्रेरणादायक थी और आपने जो हासिल किया है उस पर आपको गर्व हो सकता है। दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article