क्रिकेट

UPW vs GG, WPL 2025: यूपी वॉरियर्स के खिलाफ गलतियों में सुधार करने उतरेगा गुजरात जायंट्स

विमेंस प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन के रविवार को खेले जाने वाले तीसरे मुकाबले में गुजरात जायंट्स की यूपी वॉरियर्स से भिड़ंत होगी। इस मुकाबले में गुजरात की टीम आरसीबी के खिलाफ पहले मुकाबले में की गलतियों में सुधार करना चाहेगी।

Image

यूपी वॉरियर्स बनाम गुजरात जायंट्स (साभार WPL)

वड़ोदरा: पहले मैच में करारी हार झेलने के बाद गुजरात जायंट्स को अगर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में वापसी करनी है तो यूपी वारियर्स के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले मैच में उसे गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में सुधार करना होगा। गुजरात जायंट्स के बल्लेबाजों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने 202 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा था लेकिन उसके गेंदबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए और उसकी फील्डिंग भी अच्छी नहीं रही।

गुजरात करना चाहेगी गलतियों में सुधार

भारत की विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष को अगर पहली गेंद पर ही जीवनदान नहीं मिला होता तो इस मैच का परिणाम भिन्न हो सकता था। घोष ने इसका पूरा फायदा उठाकर 26 गेंद पर 64 रन की तूफानी पारी खेल कर मैच का पासा पलट दिया। गुजरात जायंट्स की तनुजा कंवर ने भी एलिसे पेरी का कैच टपका दिया था जब वह दो रन पर बल्लेबाजी कर रही थीं। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने भी इसका पूरा फायदा उठाया और 34 गेंदों में 57 रन बनाकर बेंगलुरु की जीत में अहम भूमिका निभाई।

दीप्ति शर्मा की कप्तानी में पहली बार खेलने उतरेगी यूपी

गुजरात जायंट्स के लिए उसके बल्लेबाजों का प्रदर्शन राहत की बात रही। उसकी तरफ से पूर्व कप्तान बेथ मूनी (56) और एशले गार्डनर (नाबाद 79) ने अर्धशतक लगाए। दूसरी तरफ यूपी वारियर्स एक नई कप्तान, भारत की दीप्ति शर्मा के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी क्योंकि उनकी नियमित कप्तान एलिसा हीली ने लगातार चोटों के कारण प्रतियोगिता से बाहर होने का विकल्प चुना है।

यूपी करेगी अपने स्पिन आक्रमण पर भरोसा

दीप्ति सभी प्रारूपों में भारतीय टीम का अहम अंग हैं लेकिन इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने कभी भारत की कप्तानी नहीं की है। यूपी वॉरियर्स का इस सत्र में सबसे मजबूत पक्ष उसका स्पिन आक्रमण माना जा रहा है। उसके पास अनुभवी स्पिनर दीप्ति के अलावा इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन जैसी धुरंधर स्पिनर भी है। इसके अलावा पिछले साल पांच टीमों की लीग में चौथे स्थान पर रहने वाली टीम ने ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग को भी अपनी टीम में शामिल किया है।

वारियर्स के पास राजेश्वरी गायकवाड़ और गौहर सुल्ताना के रूप में अच्छी स्पिनर है। चमारी अटापट्टू और ग्रेस हैरिस उसके स्पिन आक्रमण में अन्य विकल्प हैं।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

गुजरात जायंट्स:

एशले गार्डनर (कप्तान), भारती फुलमाली, लौरा वोल्वार्ड्ट, फोएबे लिचफील्ड, सिमरन शेख, डेनिएल गिब्सन, दयालन हेमलता, डींड्रा डॉटिन, हरलीन देयोल, सयाली सतघरे, तनुजा कंवर, बेथ मूनी (विकेटकीपर), काशवी गौतम, मन्नत कश्यप, मेघना सिंह, प्रकाशिका नाइक, प्रिया मिश्रा, शबनम शकील।

यूपी वारियर्स:

दीप्ति शर्मा (कप्तान), अरुशी गोयल, किरण नवगिरे, श्वेता सहरावत, वृंदा दिनेश, चमारी अटापट्टू, चिनेले हेनरी, ग्रेस हैरिस, क्रांति गौड़, पूनम खेमनार, सोफी एक्लेस्टोन, ताहलिया मैकग्राथ, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अलाना किंग, अंजलि सरवानी, गौहर सुल्ताना, राजेश्वरी गायकवाड़, साइमा ठाकोर।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article