क्रिकेट

सैंटनर ने गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय तो अय्यर ने फोड़ा हार का ठीकरा

भारतीय टीम को चौथे टी20 मुकाबले में 87 रन से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी टीम इंडिया के सामने 260 रन का लक्ष्य था, लेकिन अय्यर एंड कंपनी 172 रन ही बना पाई।

Image

श्रेयस अय्यर मिचेल सैंटनर (साभार-X)

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 87 रन की करारी हार के बाद स्वीकार किया कि टीम की गेंदबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और उन्हें गलतियों से सबक लेकर शृंखला के अंतिम मुकाबले से के लिए रणनीति पर फिर से विचार करना होगा। शृंखला पहले ही गंवा चुका न्यूजीलैंड इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के दम पर सात विकेट पर 259 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों में 107 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों में 65 रन बनाए।

फिलिप्स ने पारी के 16वें ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी के खिलाफ 32 रन बटोरे। इस ओवर में उन्होंने लगातार चार छक्के लगाए। फिलिप्स और ब्रेसवेल ने मिलकर 16 छक्के जड़े, जबकि न्यूजीलैंड की पारी में कुल 20 छक्के लगे। भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए नौ विकेट पर 172 रन ही बना सकी। अय्यर ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ’’हम गेंदबाजी में पीछे रह गए। पावरप्ले और खासकर तीसरे ओवर से उन्होंने लय हासिल कर ली। ग्लेन ने कुछ असाधारण शॉट खेले। उनके कुछ शॉट शानदार थे । हमें अपनी गलतियों पर गौर करना होगा और यह देखना होगा कि वापसी कैसे की जाए। मुझे लगता है कि हम फिर से अपनी रणनीति पर विचार कर उसे बेहतर तरीके से लागू कर सकते हैं।’’

ईडन पार्क टी20 क्रिकेट के सबसे छोटे मैदानों में से एक है और यहां की बाउंड्री (सीमा रेखा) की बनावट भी कुछ असामान्य है। अय्यर ने कहा कि पहली बार इस मैदान पर खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए यहां की परिस्थितियों के अनुरूप ढलना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, ’’हमें पता था कि मैदान की बाउंड्री ऐसी ही होंगी। कुछ खिलाड़ियों के लिए यहां खेलने का यह पहला अनुभव था। परिस्थितियों के अनुरूप ढलना आसान नहीं है। पहले तीन मैचों में खिलाड़ियों ने जिस तरह प्रदर्शन किया, वह शानदार था। यह सीखने का अच्छा अनुभव रहा।’’

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने पावरप्ले में विकेट मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ अच्छी रणनीति अपनाई और उसे मैदान पर प्रभावी ढंग से लागू किया। सैंटनर ने कहा, ’’तेज हवा के कारण मैदान पर ओस नहीं पड़ी।भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी करने की जरूरत होती है और हमने ऐसा किया। शुरुआत में कुछ गेंदें बल्ले पर अच्छी तरह आईं, लेकिन हमारे गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पावरप्ले में विकेट हासिल किए। पिच में थोड़ी मदद मौजूद है, जो हम चाहते हैं। उछाल वाली पिच पर खेलना अच्छा अनुभव रहा।’’

उन्होंने ब्रेसवेल की तूफानी पारी को टीम के बड़े स्कोर तक पहुंचने में निर्णायक बताया। सैंटनर ने कहा, ’’ब्रेसवेल ने जिस तरह आते ही पहली गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की और स्कोर को 260 के करीब पहुंचाया, वह शानदार था। डफी ने भी सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी की और शुरुआत में ही दो विकेट हासिल किए।’’

शतकीय पारी के लिए ’प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गये फिलिप्स ने पिच को बल्लेबाजी के अनुकूल करार देते हुए कहा, ’’यह शानदार पिच थी और बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी। हमने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया। रन बनाकर टीम की जीत में योगदान देना अच्छा लगा।’’ मौजूदा शृंखला में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर फिलिप्स ने कहा, ’’जब आप अच्छी लय में हों तो कोशिश यही होनी चाहिए कि यह दौर ज्यादा से ज्यादा लंबा चले।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article