देश

एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया बने वायुसेना के नए उप प्रमुख, 3200 घंटे उड़ान का अनुभव

IAF New Vice Chief: एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह एयर मार्शल वालिया को वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ बनाया गया है। दरअसल, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 को वायुसेना के 29वें प्रमुख (Chief of the Air Staff) के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

Image

वायु सेना के नए उप प्रमुख (फोटो साभार- फाइल फोटो)

IAF New Vice Chief: भारतीय वायुसेना में शीर्ष स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया को भारतीय वायुसेना का नया उप प्रमुख यानि वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ (VCAS) नियुक्त किया गया है। वह 1 नवंबर 2026 से अपना पदभार संभालेंगे। वर्तमान में वे ईस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

किसकी जगह लेंगे इंद्रपाल सिंह वालिया

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह एयर मार्शल वालिया को वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ बनाया गया है। दरअसल, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 को वायुसेना के 29वें प्रमुख (Chief of the Air Staff) के रूप में कार्यभार संभालेंगे। यह नियुक्ति वायुसेना के नेतृत्व परिवर्तन के क्रम में अहम मानी जा रही है।

3200 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव

एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया एक कुशल फाइटर पायलट हैं, जिन्हें 3200 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। वे लगभग चार दशक के करियर में कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ नियुक्तियों पर रहे हैं। उन्होंने फ्रंटलाइन मिग-27 स्क्वाड्रन, टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (TACDE) और एयर फोर्स स्टेशन बरेली की कमान संभाली है। उन्होंने मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और Su-30 MKI सहित वायुसेना के विभिन्न लड़ाकू विमान उड़ाए हैं।

NDA के रह चुके हैं पूर्व छात्र

वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं और 11 जून 1988 को फाइटर स्ट्रीम में कमीशन हुए थे। उन्होंने यूके में एडवांस कमांड एंड स्टाफ कोर्स और बांग्लादेश में NDC किया है। अपने स्टाफ करियर में वे वायुसेना के डायरेक्टोरेट ऑफ एयर स्टाफ इंस्पेक्शन (DASI) के प्रमुख रहे हैं, जापान और दक्षिण कोरिया में भारतीय दूतावास में रक्षा अताशे के रूप में सेवाएं दी हैं और ईस्टर्न एयर कमांड के सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर (SASO) भी रहे हैं।

मिल चुका है वायु सेना मेडल

उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें 2008 में वायु सेना मेडल (VM) और 2018 में अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया गया है। वे एक जिज्ञासु पाठक हैं और रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में तीन स्नातकोत्तर डिग्रियां प्राप्त हैं।रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, पूर्वी कमान जैसे संवेदनशील थिएटर का अनुभव और लड़ाकू रणनीति में उनकी महारत, उप प्रमुख के रूप में वायुसेना की ऑपरेशनल तैयारियों को और मजबूत करेगी।

Shivani Mishra
Shivani Mishraauthor

Covering stories of public interest in crime and politics now. Entertainment enthusiast over five years. Reporting across Maharashtra.

और पढ़ें
End of Article