क्रिकेट

IND vs NZ: जैकब डफी ने तोड़ा प्राइम तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 मुकाबले में 87 रन से मुकाबला जीत लिया। गेंदबाजी में इस जीत के हीरो रहे जैकब डफी जिन्होंने 4 विकेट चटकाए। इसके साथ ही उन्होंने ट्रेंट बोल्ट का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

जैकब डफी (साभार-X)

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी की खतरनाक गेंदबाजी के दम पर आखिरकार न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ इस दौरे में पहली जीत दर्ज कर ली। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्लेन फिलिप्स के 107 और माइकल ब्रेसवेल के 65 रन की पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए और फिर बाद में डफी के फोर-फर के दम पर टीम इंडिया को 172 रन पर रोक दिया। भारत की ओर से तिलक वर्मा ने सर्वाधिक 35 रन की पारी खेली जबकि नमन धीर ने 28 रन की पारी खेली। डफी ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने 14 गेंद डॉट डाली। डफी के अलावा मिचेल सैंटनर ने 2 विकेट चटकाए।

न्यूजीलैंड की ओर से बेस्ट स्पेल

जैकब डफी ने भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की ओर से बेस्ट स्पेल डालने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने अपने ही साथी खिलाड़ी ट्रेंट बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बोल्ट ने साल 2017 में राजकोट में खेले गए मुकाबले में भारत के खिलाफ 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। इस स्पेल के बाद डफी के नाम 51 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 67 विकेट हो गए। उन्होंने ये विकेट 20.35 की औसत से लिए हैं जिसमें 6 फोर-फर शामिल है। उनका बेस्ट स्पेल 14 रन देकर 4 विकेट है। इतना ही नहीं इस साल डफी ने 13 टी20 में 14 विकेट चटकाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 23 रन देकर 4 विकेट है।

दूसरी तरफ मिचेल सैंटनर ने चौथे टी20 मुकाबले में दो विकेट लेकर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 विकेट पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए टॉप थ्री गेंदबाजों की लिस्ट में एंट्री कर ली। इस लिस्ट में टॉप पर ईश सोढ़ी हैं जिनके नाम 165 विकेट हैं। दूसरे नंबर टिम साउदी हैं जो 164 विकेट चटका चुके हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article