क्रिकेट

जेमिमा रोड्रिग्स ने खुद को फिट घोषित किया, दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हो सकती है वापसी

भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्ज ने खुद को अगस्त में लगी चोट के बाद फिट घोषित कर दिया है। उनकी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम में वापसी हो रही है।

Image

जेमिमा रोड्रिग्स(फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह अगस्त में लगी चोट से पूरी तरह उबर चुकी हैं और मुकाबलों के लिए मैदान पर उतरने को तैयार हैं। रोड्रिग्स को तीन अगस्त को इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी टीम ’सदर्न ब्रेव’ की ओर से 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में खेलते समय पैर की मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में चोट लगी थी। इसके बाद बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) की चिकित्सा टीम ने उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित टी20 एशिया कप और जापान में हुए एशियाई खेलों से बाहर कर दिया था।

वापसी के लिए बेताब हैं जेमिमा

जेमिमा हाल में जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेली गई सीमित ओवरों की सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सकी थीं। छब्बीस वर्षीय जेमिमा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए चोट से उबरने के बाद खुद को पूरी तरह फिट घोषित किया। उन्होंने लिखा,'जीवन से जुड़ा अपडेट: मुझे (हैमस्ट्रिंग) फिट घोषित कर दिया गया है। तीन महीने तक चोट से उबरने (रिहैब) के बाद अब मैं मैदान पर वापसी करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।'

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हो सकती है वापसी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अगला दौरा दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका का होगा जिसमें टीम कई प्रारूपों की सीरीज खेलेगी। इसके अलावा जेमिमा मौजूदा सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में मुंबई की टीम की ओर से भी खेल सकती हैं।

ऐसा रहा है जेमिमा का करियर

जेमिमा रोड्रिग्ज ने अबतक करियर में 5 टेस्ट, 62 वनडे और 131 टी20आई मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 339, वनडे में 1810 और टी20आई में 2824 रन बनाए हैं। इसमें वनडे में 3 शतक और 28 अर्धशतक जड़े हैं। साल 2025 टीम इंडिया को वनडे वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम भूमिका अदा की थी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article