क्रिकेट

Women's T20 World Cup 2024: दक्षिण अफ्रीका ने स्कॉटलैंड को दी पटखनी, ग्रुप बी में पहुंचा टॉप पर

दक्षिण अफ्रीका की महिला टी20 टीम ने स्कॉटलैंड को 80 रन के बड़े अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप 2024 के ग्रुप बी में दूसरी जीत के साथ टॉप पोजिशन पर कब्जा कर लिया है।

Image

दक्षिण अफ्रीका बनाम स्कॉटलैंड (साभार T20 World Cup)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • दक्षिण अफ्रीका ने स्कॉटलैंड को 80 रन से हराया
  • 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 86 रन पर ढेर हुआ स्कॉटलैंड
  • ग्रुप बी में इस जीत के साथ टॉप पर पहंची द. अफ्रीकी टीम

दुबई: दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी महिला टी20 क्रिकेट विश्व कप में बुधवार को यहां स्कॉटलैंड के खिलाफ दबदबा बनाते हुए 80 रन की एकतरफा जीत दर्ज की। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 166 रन का प्रभावी स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में स्कॉटलैंड की टीम कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी और अंतत: 17.5 ओवर में 86 रन पर सिमट गई। स्कॉटलैंड की सिर्फ दो बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंच सकीं।

टॉप पर पहुंचा द. अफ्रीका अंतिम स्थान पर स्कॉटलैंड

दक्षिण अफ्रीका की ओर से नोनकुलुलेको मलाबा सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए। क्लो ट्रायोन (22 रन पर दो विकेट) और नेदिन डि क्लर्क (15 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीका की तीन मैच में यह दूसरी जीत है जिससे टीम ग्रुप बी तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। स्कॉटलैंड की टीम अंतिम पायदान पर है।

वोलवॉर्ट और ब्रिट्स ने दिलाई द. अफ्रीका को तेज शुरुआत

कप्तान लॉरा वोलवार्ट और उनकी सलामी जोड़ीदार तेजमिन ब्रिट्स ने 7.3 ओवर में 64 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। वोलवार्ट ने 27 गेंद में 40 रन बनाए और इस दौरान पांच चौके और एक छक्का मारा। ब्रिट्स ने 35 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका की टीम 10 ओवर में एक विकेट पर 83 रन बनाने में सफल रही। मारिजेन कैप ने इसके बाद सिर्फ 24 गेंद में छह चौकों से 43 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article