क्रिकेट

'आप लोगों ने माहौल तैयार कर दिया,' हेड कोच गौतम गंभीर ने सीरीज जीत के बाद ऐसा क्यों कहा

भारत के हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टी20 टीम ने न्यूजीलैंड के मौजूदा दौरे में वनडे और टेस्ट मैचों के लिए सही माहौल तैयार कर दिया है, क्योंकि अभ्यास का पर्याप्त मौका नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सीरीज जीती।

Image

प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कही बड़ी बात। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टी20 टीम ने न्यूजीलैंड के मौजूदा दौरे में वनडे और टेस्ट मैचों के लिए सही माहौल तैयार कर दिया है, क्योंकि अभ्यास का पर्याप्त मौका नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सीरीज जीती। भारत ने न्यूजीलैंड को पांच मैच की टी20 सीरीज में 3-2 से हराया, जबकि उसकी टीम पहले मैच से कुछ दिन पहले ही यहां पहुंची थी। उसे सीरीज के बीच में आराम करने का भी बहुत कम मौका मिला।

गंभीर ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से कहा, इस सीरीज में आप लोगों ने जैसा प्रदर्शन किया उस पर आपको बहुत गर्व होना चाहिए। विशेषकर तब जबकि आपको तैयारी के लिए सिर्फ एक दिन का समय मिला। न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर खेलना और जीत हासिल करना ऐसा है जिस पर आप गर्व कर सकते हैं।

आप लोगों ने माहौल बना दिया

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें गंभीर ने कहा, आप लोग आखिरी दो मैच भी जीतना चाहते थे, लेकिन कभी-कभी ऐसा हो जाता है। लेकिन मुझे लगता है कि आप लोगों ने दौरे के आगामी मैचों के लिए माहौल तैयार कर दिया है। सीरीज शुरू होने से पहले मैंने कहा था कि माहौल तैयार करने की जिम्मेदारी आप लोगों की है।

उन्होंने कहा, अब वनडे और टेस्ट खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है कि वे वहीं से आगे बढ़ें जहां पर आप लोगों ने छोड़ा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चार नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जबकि दो मैच की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी। गंभीर ने टी20 खिलाड़ियों से दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए अपनी फिटनेस बनाए रखने का आग्रह किया।

ऐसा करना सबसे महत्वपूर्ण

उन्होंने कहा, यह सुनिश्चित करना होगा कि हम लगातार सुधार करते रहें। ऐसा करना सबसे महत्वपूर्ण है। हम जानते हैं कि हम पर्याप्त टी20 क्रिकेट नहीं खेलते हैं। अब हमें एक महीने का ब्रेक मिला है, इसलिए आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आपकी फिटनेस बनी रहे और आप आगे के मैचों के लिए तैयार रहें। गंभीर ने कहा, हम एक टीम के रूप में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हम एक टीम के रूप में सोच रहे हैं और एक टीम के रूप में खेल रहे हैं।

इनपुट- भाषा

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article