IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून 2026 से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच होने जा रहा है। इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस काफी कंफ्यूज हैं। दरअसल, यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC 2025-27 का हिस्सा नहीं है? इस मैच के रिजल्ट से WTC पॉइंट्स टेबल पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। इसके बाद क्रिकेट फैंस यह जानना चाहते हैं कि क्यों इस मैच को WTC में शामिल नहीं किया गया?
WTC में सिर्फ 9 टीमें शामिल
ICC ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में फिलहाल सिर्फ 9 टीमों को रखा है। इनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज शामिल हैं। अफगानिस्तान को 2017 में टेस्ट खेलने का दर्जा मिला था, लेकिन वो अब तक WTC की लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया है। इसकी वजह बहुत सीधी है। WTC में रहने के लिए टीम को हर साल एक तय संख्या में टेस्ट मैच खेलने जरूरी होते हैं। वहीं, अफगानिस्तान की टीम साल में 1-2 टेस्ट ही खेल पाती है। इसलिए ICC ने अभी उसे बाहर रखा है। अफगानिस्तान के अलावा जिम्बाब्वे और आयरलैंड भी WTC का हिस्सा नहीं हैं। अच्छी बात ये है कि ICC 2027 के बाद नए WTC साइकिल में इन तीनों टीमों को शामिल करने पर बात कर रहा है।
कम से कम 2 टेस्ट की सीरीज जरूरी
ICC का एक नियम यह भी है कि WTC के अंदर आने वाली हर सीरीज में कम से कम 2 टेस्ट मैच होने चाहिए। वहीं भारत और अफगानिस्तान सिर्फ एक टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रहे हैं। इसी वजह से ये मुकाबला अपने आप WTC से बाहर हो जाता। ये सीरीज सिर्फ दो देशों के बीच का दोस्ताना यानी बाइलेट्रल मैच है।
फिर इस मैच का क्या फायदा?
भले ही ये मैच WTC का हिस्सा न हो, लेकिन इसका महत्व कम नहीं है। इस टेस्ट में जो भी खिलाड़ी अच्छा या खराब खेलेगा। उसका असर सीधा ICC रैंकिंग पर पड़ेगा। मैच के बाद बल्लेबाजों, गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स की नई रेटिंग आएगी। किसी खिलाड़ी की रैंकिंग ऊपर जा सकती है और किसी की नीचे भी गिर सकती है। ICC चाहता है कि ज्यादा से ज्यादा देश टेस्ट खेलें। इसलिए उम्मीद है कि 2027 के बाद WTC में 12 टीमें हो जाएंगी। अगर अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे की एंट्री होती है तो टेस्ट क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी।
अफगानिस्तान का टेस्ट रिकॉर्ड
अफगानिस्तान को टेस्ट दर्जा मिले 9 साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक टीम ने कुल 12 मैच ही खेले हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच इससे पहले एकमात्र टेस्ट जून 2018 में बेंगलुरु में हुआ था। उस मैच को टीम इंडिया ने सिर्फ 2 दिन में पारी और 262 रन से जीत लिया था। उस समय अफगानिस्तान की टीम नई थी। लेकिन अब हालात काफी बदल गए हैं। अफगानिस्तान के पास वर्तमान में राशिद खान, नूर अहमद, इब्राहिम जादरान जैसे कई मैच विनर खिलाड़ी हैं। इसलिए इस बार मुकाबला टक्कर का होने वाला है।
