Donald Trump News: अपने चार दिन के एशिया दौरे से लौटने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की तारीफ की है। वह भारत की 7 प्रतिशत ग्रोथ से गदगद हैं। भारत की कम ब्याज दरों की तारीफ करते हुए ट्रंप ने अमेरिकी सेंट्रल बैंक की आलोचना की है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका अगर इसी तरह की उदार नीति अपनाता है तो उसकी अर्थव्यवस्था इससे भी तेज तरक्की कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े मजबूत होते हैं, फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ाकर 'देश को बर्बाद' कर देता है। ट्रंप ने ये बातें शुक्रवार को व्हाइट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं। इस मौके पर उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर भी मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की 10 बड़ी बातें
1. भारत की 7% ग्रोथ की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा कि भारत को देखिए, उनकी ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी ग्रोथ 7% है। उनका दावा था कि कम ब्याज दरों के साथ अमेरिका 14-15%, यहां तक कि 20% की ग्रोथ हासिल कर सकता है, जबकि अभी यह करीब 4% है।
2. ट्रंप ने फेड को 'बहुत राजनीतिक' बताया, हालांकि उन्होंने चेयरमैन को दोष देने से इनकार किया। उनके मुताबिक ब्याज दर में हर एक पॉइंट की कटौती से 650 अरब डॉलर की बचत होती है।
3. क्वाड का पहला ब्यूरो लीडर्स फोरम। मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक में आर्थिक सुरक्षा और सप्लाई चेन मजबूत करने के लिए यह फोरम घोषित हुआ। क्वाड में अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया हैं।
4. क्वाड एसआई एक्सेलरेटर। चारों देश सुपरइंटेलिजेंस (SI) पर सहयोग करेंगे। ट्रंप ने साफ किया कि यह सीमित स्तर पर होगा और असली काम अमेरिका में ही रहेगा।
5. समुद्री सुरक्षा पर नया सहयोग। क्वाड देश मैरीटाइम सिक्योरिटी और निगरानी अभियानों में साथ काम करेंगे।
6. क्वाड बिजनेस फोरम। रुबियो ने बताया कि अगले साल की शुरुआत में चारों देशों की शीर्ष कंपनियां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी शिखर सम्मेलन में मौजूद थे।
7. दो ट्रेड डील, दस और की तैयारी। ट्रंप के मुताबिक थाईलैंड और फिलीपींस के साथ सौदे हुए। थाईलैंड अमेरिकी सामान पर सारे टैरिफ हटाएगा और सालाना 2.6 अरब डॉलर के कृषि उत्पाद खरीदेगा।
8. फिलीपींस के साथ बड़े सौदे। ट्रंप ने कहा कि आसियान में 17 अरब डॉलर से ज्यादा के कमर्शियल सौदे हुए, जिनमें 20 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर शामिल हैं। फिलीपींस 2 अरब डॉलर से ज्यादा के अमेरिकी सैन्य उपकरण भी खरीदेगा।
9. अमेरिका-रूस-चीन की पहली त्रिपक्षीय बैठक। ट्रंप के अनुसार तीनों देशों ने घोषणा की कि परमाणु युद्ध कभी नहीं होना चाहिए। चीन पहली बार परमाणु जोखिम घटाने पर त्रिपक्षीय बातचीत को राजी हुआ।
10. ईरान पर सख्त रुख़। ट्रंप ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार कभी नहीं मिलेगा और जरूरत पड़ी तो वे दोबारा सैन्य कार्रवाई करेंगे।
ट्रंप का बयान टैरिफ पर ठोस राहत की गारंटी नहीं
भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट के पहले चरण का फ्रेमवर्क फरवरी में तय हुआ था, लेकिन टैरिफ में बदलावों के कारण बातचीत जारी है। भारत चाहता है कि उसके सामान पर बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धियों से कम टैरिफ लगे। ट्रंप की तारीफ अच्छा संकेत है, पर यह टैरिफ पर ठोस राहत की गारंटी नहीं है। इसके अलावा ट्रंप ने भारत का नाम फेड पर दबाव बनाने के लिए एक उदाहरण के तौर पर लिया। इसे भारत नीति पर बड़े बयान की तरह नहीं पढ़ना चाहिए।
